Donald Trump Anger China Victory Parade: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन की विक्ट्री परेड को लेकर भड़के हुए नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पुतिन, किम जोंग उन और शी जिनपिंग अमेरिका के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रपति शी और चीन की जनता को मेरी शुभकामनाएं। कृपया मेरी गर्मजोशी भरी बधाई पुतिन और किम जोंग उन को भी दें, क्योंकि आप सब मिलकर अमेरिका के खिलाफ साजिश कर रहे हैं।’
ट्रंप ने क्या कहा?
इस दौरान ट्रंप ने सवालिया लहजे में कहा, क्या चीन उन अमेरिकी सैनिकों को मान्यता देगा जिन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान देश को आजाद कराने में मदद के लिए अपना खून बहाया। उन्होंने कहा, "सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चीन के राष्ट्रपति शी उस भारी समर्थन और 'खून' का जिक्र करेंगे जो संयुक्त राज्य अमेरिका ने चीन को विदेशी आक्रमणकारी से अपनी आजादी हासिल करने में मदद के लिए दिया था। चीन की विजय और गौरव की खोज में कई अमेरिकी शहीद हुए। मुझे उम्मीद है कि उन्हें उनके साहस और बलिदान के लिए उचित सम्मान और याद दिया जाएगा!"
चीन ने आयोजित की भव्य सैन्य परेड
द्वितीय विश्व युद्ध में जापानी आक्रमण के खिलाफ जीत की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चीन ने बुधवार को भव्य सैन्य परेड का आयोजन किया। इस समारोह में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन भी शामिल हुए। चीनी सैन्य अधिकारियों के अनुसार, परेड में प्रदर्शित अधिकांश हथियार और उपकरण पहली बार दुनिया के सामने प्रदर्शित किए गए। इनमें थल, जल और वायु आधारित सामरिक हथियार, उन्नत सटीक युद्ध उपकरण और ड्रोन शामिल थे।
शी जिनपिंग ने क्या कहा?
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सैन्य परेड के अवसर पर अपने सबोधन में देश को 'अजेय' बताते हुए शांतिपूर्ण विकास की बात रही। शी ने कहा, "चीन शांतिपूर्ण विकास के मार्ग पर चलेगा, मानवता, शांति और विकास का उद्देश्य प्रबल होगा।" शी ने कहा, "आज मानवता को फिर से शांति या युद्ध, संवाद या टकराव, तथा लाभ या नुकसान के बीच चुनाव करना पड़ रहा है।" उन्होंने कहा, "चीनी लोग इतिहास के सही पक्ष और मानव प्रगति के पक्ष में दृढ़ता से खड़े रहेंगे, शांतिपूर्ण विकास के मार्ग पर कायम रहेंगे और मानवता के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए शेष विश्व के साथ हाथ मिलाएंगे।" शी ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) से खुद को विश्व स्तरीय सेना बनाने और राष्ट्रीय संप्रभुता, एकता और क्षेत्रीय अखंडता की दृढ़ता से रक्षा करने का भी आग्रह किया।
यह भी पढ़ें:
चीन ने आर्मी परेड में दिखाई ताकत, प्रदर्शित किया दुनिया का पहला 2 सीटों वाला 5th Gen फाइटर जेट; जानें इसकी खासियतशहबाज शरीफ ने फिर से करा ली बेइज्जती, व्लादिमीर पुतिन भी नहीं रोक पाए हंसी, देखें Video