वाशिंगटन: अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ FBI ने 7 जुलाई से 'Operation Hard Ball' चलाया है। FBI और उसकी सहयोगी एजेंसियों ने 7 जुलाई को अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई जगहों पर एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए कम से कम 20 लोगों को हिरासत में लिया है और उनके पास से प्रतिबंधित समान और हथियार और ड्रग बरामद किया है।
FBI ने इस इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट के खिलाफ चलाए गए एक्शन को 'Operation Hard ball' नाम दिया है। FBI और उसके एजेंटों के नेतृत्व में अमेरिका कनाडा और यूरोप में लगभग 50 से अधिकार जगहों पर रेड की गई। रेड में भारी मात्रा में प्रतिबंधित समान जब्त किया गया, रेड के दौरान भारी मात्रा में ड्रग भी बरामद हुआ है।
इस ऑपरेशन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग, उसके सहयोगियों गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े नेटवर्क को निशाना बनाया गया। बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़े कई वांटेड गैंगस्टर अमेरिका, कनाडा और यूरोप में अवैध तरीके से रहकर न सिर्फ भारत में अपने अपराध का साम्राज्य चला रहे हैं, बल्कि रंगदारी वसूल कर रहे हैं।
कनाडा की सरकार ने बीते साल ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया था। लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई भी अमेरिका में सालों तक छुपा रहा था और आरोप है कि अमेरिका में रहते हुए ही उसने मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या करवाई थी और सलमान खान के घर पर फायरिंग करवाई थी, बाद अनमोल को भारत डिपोर्ट किया गया था।
भारतीय एजेंसियों के सूत्र भी समय समय पर इस बात की तस्दीक करते रहे हैं कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क अमेरिका, कनाडा और यूरोप में फैला हुआ है। भारत से फरार होकर गैंग के मेंबर्स इन देशों में अपना अड्डा बनाकर आपराधिक साम्राज्य चला रहे हैं।
FBI का लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उससे जुड़े गैंग के खिलाफ ऑपरेशन हार्ड बॉल अभी जारी है।
गोल्डी बराड़ पर FBI का बड़ा एक्शन, 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित
गोल्डी बराड़ पर FBI का बड़ा एक्शन हुआ है और 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित किया गया है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50,000 डॉलर (करीब 43 लाख रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है।
गोल्डी बराड़ को ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत निशाना बनाए गए लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप का उत्तर अमेरिका का कथित सरगना बताया गया है। FBI का आरोप है कि यह गैंग अमेरिका, कनाडा और भारत में संगठित अपराधों में शामिल रहा है।
FBI के मुताबिक राजनीतिक और धार्मिक नेताओं की हत्या की साजिश, गोलीबारी और हत्या की वारदातें, अपहरण और रंगदारी, नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी, अमेरिका और कनाडा में संगठित अपराध नेटवर्क चलाने में इनकी अहम भूमिका है।
गोल्डी बराड़ के कथित ठिकाने भी बताए गए
FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ अमेरिका में मौजूद हैं। उसके कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो से संबंध बताए गए हैं। इसके अलावा उसके कनाडा, भारत और मेक्सिको से भी कथित संपर्क बताए गए हैं। FBI ने लोगों से गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है।
ये भी पढ़ें-