Thursday, February 26, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जेफरी एप्स्टीन के साथ संबंधों पर अमेरिका में मचा सियासी घमासान, हिलेरी क्लिंटन ने दी गवाही; जानें क्या कहा

जेफरी एप्स्टीन के साथ संबंधों पर अमेरिका में मचा सियासी घमासान, हिलेरी क्लिंटन ने दी गवाही; जानें क्या कहा

Edited By: Amit Mishra @AmitMishra64927 Published : Feb 26, 2026 11:11 pm IST, Updated : Feb 26, 2026 11:11 pm IST

दोषी यौन अपराधी जेफरी एप्स्टीन के साथ संबंधों को लेकर अमेरिका में सियासी घमासान मचा हुआ है। मामले में अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने न्यूयॉर्क में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सांसदों के समक्ष गवाही दी है।

Hillary Clinton- India TV Hindi
Image Source : AP Hillary Clinton

वॉशिंगटन: अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने बृहस्पतिवार को न्यूयॉर्क के पास चैपाक्वा में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्यों के सामने गवाही दी। यह गवाही बंद कमरे में हुई और जेफरी एप्स्टीन नाम के दोषी यौन अपराधी से जुड़ी संसदीय जांच का हिस्सा थी। हिलेरी क्लिंटन ने साफ कहा कि उन्हें एप्स्टीन की कोई आपराधिक गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी एप्स्टीन से कभी व्यक्तिगत मुलाकात नहीं हुई। 

हिलेरी क्लिंटन ने क्या कहा?

हिलेरी क्लिंटन ने कहा, "मुझे उनकी आपराधिक गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है और मैं एप्स्टीन से कभी मिली नहीं।" हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति (पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन) ने एप्स्टीन के साथ कुछ यात्राओं के लिए उनके निजी विमान में सफर किया था। साथ ही, हिलेरी ने एप्स्टीन की साथी घिस्लेन मैक्सवेल से क्लिंटन फाउंडेशन के कुछ कार्यक्रमों में मुलाकात होने की बात कही, लेकिन एप्स्टीन से कोई संपर्क को लेकर उन्होंने कहा 'याद नहीं।'

बिल क्लिंटन भी देंगे गवाही

यह गवाही 2 दिनों की पूछताछ की शुरुआत थी। अगले दिन यानी शुक्रवार को पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन भी इसी जांच में गवाही देने वाले हैं। दोनों की गवाहियां चैपाक्वा में ही बंद कमरों में हो रही हैं। चैपाक्वा न्यूयॉर्क शहर के उत्तर में स्थित एक छोटा, शांत और हरा-भरा कस्बा है, जहां क्लिंटन दंपति का घर है। यह पूरा मामला रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण वाली हाउस ओवरसाइट कमिटी (सदन निगरानी समिति) की जांच से जुड़ा है। इस समिति ने महीनों से क्लिंटन दंपति को सबूत देने और गवाही के लिए बुलाया था। 

क्लिंटन दंपति ने गवाही देने से किया था इनकार

पहले क्लिंटन दंपति ने गवाही देने से इनकार किया था, लेकिन संसद की अवमानना (कंटेम्प्ट ऑफ कांग्रेस) की कार्रवाई की धमकी के बाद वे मान गए। समिति एप्स्टीन और उसकी साथी घिस्लेन मैक्सवेल के अपराधों, सरकार की जांच में खामियों और प्रभावशाली लोगों के साथ उनके संबंधों की जांच कर रही है। एप्स्टीन एक अमीर व्यक्ति था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण और तस्करी के गंभीर आरोप थे। साल 2019 में जेल में ही उसकी मौत हो गई थी। 

हिलेरी ने बताया राजनीतिक नाटक

क्लिंटन दंपति लंबे समय से डेमोक्रेटिक पार्टी के बड़े और प्रभावशाली नेता रहे हैं। हिलेरी क्लिंटन पूर्व प्रथम महिला, सीनेटर, विदेश मंत्री और राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार रह चुकी हैं। बिल क्लिंटन 1993 से 2001 तक अमेरिका के राष्ट्रपति थे। इस जांच में उन्हें किसी गलत काम का सीधा आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन रिपब्लिकन सदस्य उनके पुराने संबंधों पर सवाल उठा रहे हैं। हिलेरी ने इसे राजनीतिक नाटक बताया और कहा कि यह जांच ट्रंप से जुड़े सवालों से ध्यान हटाने की कोशिश है।

यह भी पढ़ें:

युगांडा की पुलिस ने Kiss करने के आरोप में 2 महिलाओं को किया गिरफ्तार, पड़ोसियों ने की थी शिकायत

ईरान के साथ जंग में क्या करेगा अमेरिका, कहां होगा निशाना; जानें तेहरान के पास क्या होंगे विकल्प

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement