1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. UN में बजेगा हिंदी भाषा का डंका, भारत ने दिया करोड़ों रुपयों का योगदान, मातृभाषा को मिलेगा बढ़ावा

UN में बजेगा हिंदी भाषा का डंका, भारत ने दिया करोड़ों रुपयों का योगदान, मातृभाषा को मिलेगा बढ़ावा

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Jul 17, 2023 11:14 pm IST,  Updated : Jul 18, 2023 06:16 am IST

अब यूएन में हिंदी भाषा का उपयोग और बढ़ने वाला है। यूएन में हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए भारत ने करोड़ों रुपयों का योगदान किया है।

यूएन में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज- India TV Hindi
यूएन में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज Image Source : FILE

Hindi in UN: भारत का लोहा अब दुनिया मानने लगी है। दुनिया की सबसे बड़ी आबादी और सबसे बड़े लोकतंत्र के देश भारत की हर बात को अब दुनिया गौर से सुनती है। भारत अब किसी भी मुद्दे पर अपना पक्ष रखता है, तो उस पर दुनिया तवज्जो देती है। इसी बीच अब संयुक्त राष्ट्र में अब भारत की मातृभाषा हिंदी का डंका बजने वाला है। अब यूएन में हिंदी भाषा का उपयोग और बढ़ने वाला है। यूएन में हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए भारत ने करोड़ों रुपयों का योगदान किया है। 

हिंदी भाषा के लिए 8.3 करोड़ रुपए का दिया योगदान

भारत ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) को 10 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 8.3 करोड़ रुपये) का योगदान दिया है। यूएन में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने वैश्विक संगठन में हिंदी भाषा के उपयोग के विस्तार के लिए संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक संचार विभाग की अवर महासचिव मेलिसा फ्लेमिंग को एक चेक सौंपा।

यूएन की अवर म​हासचिव को दिया 10 लाख डॉलर का चेक 

रुचिरा कंबोज ने एक ट्वीट में कहा, 'भाषाई समावेशिता में निवेश! हमने यूएन में हिंदी के उपयोग को बढ़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक संचार विभाग की अवर महासचिव मेलिसा फ्लेमिंग को दस लाख डॉलर का चेक सौंपा। यूएन में हिंदी परियोजना के तहत हम आने वाले बाधाओं को तोड़ रहे हैं और सार्वजनिक पहुंच बढ़ा रहे हैं।' इस बीच कंबोज ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि यह समावेशी संवाद और समझ को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक अच्छी पहल है।

इस अवसर पर राजदूत कंबोज ने कहा, हिंदी भाषा में समाचार और मल्टीमीडिया सामग्री को मुख्यधारा में लाने और मजबूत करने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों की भारत और उन देशों में सराहना की गई है जहां हिंदी भाषी आबादी रहती है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार इस उद्देश्य के लिए संयुक्त राष्ट्र में हिंदी भाषा के उपयोग को बढ़ावा देना जारी रखेगी। भारत संयुक्त राष्ट्र के साथ साझेदारी करके खुश है।

संयुक्त राष्ट्र के सार्वजनिक सूचना विभाग के सहयोग से हिंदी@यूएन परियोजना 2018 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य हिंदी भाषा में संयुक्त राष्ट्र की सार्वजनिक पहुंच को बढ़ाना और दुनियाभर के लाखों हिंदी भाषी लोगों के बीच वैश्विक मुद्दों के बारे में अधिक जागरूकता फैलाना है।

यूएन हिंदी सोशल मीडिया पर कितने हैं फॉलोअर्स?

यूएन हिंदी सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर पर 50,000, इंस्टाग्राम पर 29,000 और फेसबुक पर 15,000 फॉलोअर्स के साथ हर साल लगभग 1000 पोस्ट प्रकाशित करते हैं। हिंदी यूएन न्यूज वेबसाइट 13 लाख वार्षिक इंप्रेशन के साथ इंटरनेट सर्च इंजन में शीर्ष 10 में बनी हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश