1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'पाकिस्तानी कश्मीर नहीं, सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर', भारत ने न्यूयॉर्क टाइम्स को लगाई फटकार

'पाकिस्तानी कश्मीर नहीं, सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर', भारत ने न्यूयॉर्क टाइम्स को लगाई फटकार

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : Jul 30, 2026 07:04 am IST,  Updated : Jul 30, 2026 07:04 am IST

भारत ने 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को 'पाकिस्तानी कश्मीर' कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। अमेरिका में भारतीय दूतावास ने कहा कि 'पाकिस्तानी कश्मीर' जैसा कुछ नहीं, केवल 'पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर' है। भारत ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उसके अभिन्न एवं अविभाज्य हिस्से हैं।

Pakistan Occupied Kashmir, New York Times, Indian Embassy USA- India TV Hindi
पाकिस्तान ने पीओके में प्रदर्शनकारियों पर जमकर अत्याचार किया है। Image Source : AP FILE

Highlights

  • भारत ने न्यूयॉर्क टाइम्स की हेडलाइन को भ्रामक बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
  • भारतीय दूतावास ने कहा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा हैं।
  • PoK में पिछले कुछ हफ्तों से जारी अशांति के कारण कई लोगों की जान गई।

वॉशिंगटन: भारत ने अमेरिकी अखबार 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट में पाकिस्तान के कब्जे कश्मीर को 'पाकिस्तानी कश्मीर' कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। अमेरिका में भारतीय दूतावास ने इस शब्दावली को भ्रामक और गलत बताते हुए साफ कहा कि 'पाकिस्तानी कश्मीर जैसा कुछ नहीं है, सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर है।' भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा हैं, हमेशा थे, और आगे भी रहेंगे।

क्या थी न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट?

भारत की यह प्रतिक्रिया द न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित उस रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हालिया अशांति और स्थानीय चुनावों का जिक्र किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, मीरपुर में उस समय हिंसा भड़क गई, जब सुरक्षा बलों और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के सदस्यों के बीच झड़प हुई। यह संगठन कथित पुलिस ज्यादती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था। अमेरिकी अखबार के मुताबिक, इस झड़प में कम से कम 2 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने इन मौतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

चुनावी माहौल पर भी पड़ा असर

न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से जारी अशांति के कारण कई लोगों की जान गई है और इसका असर स्थानीय चुनावी प्रक्रिया पर भी पड़ा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी का दावा है कि पुलिस के साथ हुई झड़पों में उसके कई सदस्यों की मौत हुई है। हालांकि अखबार ने यह भी स्पष्ट किया कि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही अधिकारियों ने इनकी आधिकारिक पुष्टि की है।

भारत ने फिर दोहराया अपना रुख

भारत ने एक बार फिर अपना पुराना और स्पष्ट रुख दोहराते हुए कहा कि पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन इससे भारत के संप्रभु अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ता।  दूतावास ने कहा कि पाकिस्तान ने इन इलाकों रहने वाले लोगों के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल जारी रखा हुआ है।

ये भी पढ़ें: UNSC में भारत ने पाकिस्तान को धो डाला, PoK में हो रही हिंसा को लेकर जमकर सुनाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश