1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. मोदी के लिए गजब दीवानगी! स्वागत में अमेरिका के 20 शहरों में NRI निकालेंगे एकता मार्च

मोदी के लिए गजब दीवानगी! स्वागत में अमेरिका के 20 शहरों में NRI निकालेंगे एकता मार्च

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : May 22, 2023 01:01 pm IST,  Updated : May 22, 2023 01:01 pm IST

प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के मद्देनजर भारतीय अमेरिकी 18 जून को देश के 20 प्रमुख शहरों में ‘भारत एकता दिवस’ मार्च के साथ उनका स्वागत करने की योजना बना रहे हैं।

प्रवासी भारतीयों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किया गया स्वागत - India TV Hindi
प्रवासी भारतीयों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किया गया स्वागत Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता का पूरी दुनिया के नेता लोहा मान रहे हैं। खुद अमेरिका के राष्ट्रपति ने कल G-7 समिट के दौरान पीएम मोदी से उनके ऑटोग्राफ तक मांग लिए। अब अगले महीने मोदी का अमेरिका का दौरा है। प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के मद्देनजर भारतीय अमेरिकी 18 जून को देश के 20 प्रमुख शहरों में ‘भारत एकता दिवस’ मार्च के साथ उनका स्वागत करने की योजना बना रहे हैं। इस मार्च के आयोजकों ने यह घोषणा की है। 

वाशिंगटन स्मारक से लिंकन स्मारक तक निकलेगा मार्च

प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर जून में अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर आएंगे। बाइडन दंपति 22 जून को राजकीय भोज पर भी मोदी की मेजबानी करेंगे। भारतीय अमेरिकी समुदाय के नेता और ‘ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ भाजपा’-यूएसए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अडापा प्रसाद ने कहा, ‘‘भारतीय अमेरिकी समुदाय मोदी की यात्रा को लेकर बहुत उत्साहित है। समुदाय यहां वाशिंगटन डीसी में राष्ट्रीय स्मारक पर 18 जून को एकत्रित हो रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘और वाशिंगटन स्मारक से लिंकन स्मारक तक ‘भारत एकता दिवस’ मार्च निकाला जाएगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया जाएगा। यह दो दिन पहले आयोजित किया जाएगा।’’ 

पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक निकलेंगे मार्च
अडापा प्रसाद ने रविवार को कहा कि अमेरिका के ‘पूर्व से लेकर पश्चिम, उत्तर से लेकर दक्षिण तक प्रमुख शहरों से गुजरते हुए’’ करीब 20 स्थानों पर ऐतिहासिक स्थलों जैसे कि न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन ब्रिज पर स्वागत मार्च निकाले जाएंगे। जिन अन्य शहरों में मार्च निकाले जाएंगे उनमें बोस्टन, शिकागो, अटलांटा, मियामी, टेम्पा, डलास, ह्यूस्टन, लॉस एंजिलिस, सैक्रामेंटो, सैन फ्रांसिस्को, कोलंबस और सेंट लुइस शामिल हैं। इस राजकीय यात्रा को ऐतिहासिक कार्यक्रम बताते हुए प्रसाद ने कहा कि भारतीय अमेरिकी समुदाय के सभी वर्ग प्रधानमंत्री का स्वागत करने और इसे यादगार कार्यक्रम बनाने के लिए एकजुट होकर तैयारी कर रहे हैं। न्यूयॉर्क और वाशिंगटन डीसी में सभी प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री का स्वागत करने की तैयारी चल रही है। 

ये भी पढ़ें-
अब विलायत जाएंगे ये देसी कुत्ते, पासपोर्ट भी तैयार, वाराणसी छोड़ इटली और नीदरलैंड के लिए भरेंगे उड़ान

फिजी के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे गए प्रधानमंत्री मोदी, वैश्विक नेतृत्व के लिए हुए सम्मानित
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश