1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में घरों के ऊपर गिरा विमान, कई लोगों की हुई मौत; सामने आया Video

अमेरिका में घरों के ऊपर गिरा विमान, कई लोगों की हुई मौत; सामने आया Video

 Edited By: Amar Deep
 Published : Sep 01, 2024 08:57 am IST,  Updated : Sep 01, 2024 08:57 am IST

अमेरिका के पोर्टलैंड इलाके में एक विमान घरों से टकरा गया। इसके बाद कई घरों में आग लग गई। वहीं इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।

विमान टकराने से कई घरों में लगी आग।- India TV Hindi
विमान टकराने से कई घरों में लगी आग। Image Source : X

पोर्टलैंड: अमेरिका के पोर्टलैंड में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां पोर्टलैंड के पूर्वी इलाके में शनिवार सुबह एक छोटा विमान कई मकानों से टकरा गया। वहीं विमान के टकराने से कई घरों में आग भी लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि विमान में दो लोग सवार थे और कम से कम एक निवासी लापता है। घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मकान में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, जबकि आसपास के घरों से काला धुआं निकलता नजर आ रहा है। 

चार मकानों में लगी आग

ग्रेशम के दमकल विभाग के प्रमुख स्कॉट लुइस ने बताया कि आग कम से कम चार मकानों में फैल गई, जिसके कारण छह परिवार विस्थापित हो गए। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दो लोगों का इलाज किया गया, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि ये लोग कैसे घायल हुए और उनकी चोटें कितनी गंभीर हैं। संघीय विमानन प्रशासन ने विमान की पहचान दोहरे इंजन वाले ‘सेसना 421सी’ के रूप में की है। उसने बताया कि यह विमान पोर्टलैंड से पूर्व की ओर लगभग 30 मिनट की दूरी पर स्थित ट्राउटडेल हवाई अड्डे के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। 

कई हिस्सों में टूटा विमान

मल्टनोमा काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, विमान के नीचे गिरने से एक खंभा और बिजली के तार टूट गए, जिससे पास के एक खेत में आग लग गई। फेयरव्यू शहर के आवासीय क्षेत्र में मकानों से टकराने के बाद विमान के कई हिस्से हो गए। इस क्षेत्र में करीब 10,000 लोग रहते हैं। लुइस ने बताया कि आग लगने के बारे में पहला फोन कॉल ट्राउटडेल हवाई अड्डे के ‘कंट्रोल टॉवर’ के कर्मचारियों ने किया था, जिन्होंने धुएं का घना गुबार उठते देखा था, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले ‘‘आपात स्थिति को लेकर कोई कॉल नहीं आया था।’’ राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड दुर्घटना की जांच कर रहा है। (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

रूस में ज्वालामुखी के पास उड़ान भर रहा हेलीकॉप्टर हुआ लापता, 22 लोग थे सवार, सर्च ऑपरेशन शुरू

पेन्सिलवेनिया की रैली में फिर खतरे में पड़ी ट्रंप की सुरक्षा, पत्रकार दीर्घा में घुसे युवक को पुलिस ने दबोचा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश