1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर छाईं मोहन भागवत की तस्वीरें, ममदानी ने किया था कार्यक्रम का विरोध

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर छाईं मोहन भागवत की तस्वीरें, ममदानी ने किया था कार्यक्रम का विरोध

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 29, 2026 07:15 pm IST,  Updated : Aug 29, 2026 07:15 pm IST

RSS प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीरें न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर के डिजिटल बिलबोर्ड पर प्रदर्शित की गई हैं। वह शनिवार को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में करीब 5,000 लोगों को संबोधित करेंगे। उनके ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम में वसुधैव कुटुम्बकम, सद्भाव और संवाद का संदेश दिया जाएगा।

Mohan Bhagwat New York, Mohan Bhagwat Times Square, RSS Chief MSG Speech- India TV Hindi
मोहन भागवत की तस्वीरें न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर के डिजिटल बिलबोर्ड पर नजर आईं। Image Source : X.COM/PTI_NEWS

Highlights

  • टाइम्स स्क्वायर के बिलबोर्ड पर दिखीं RSS प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीरें।
  • मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भागवत करीब 5 हजार लोगों को संबोधित करेंगे।
  • न्यूयॉर्क के मेयर ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए कहा कि वह इसका समर्थन नहीं करते हैं।

न्यूयॉर्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत की तस्वीरें न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर के बड़े-बड़े डिजिटल बिलबोर्ड पर दिखाई गईं। उनकी ये तस्वीरें मैडिसन स्क्वायर गार्डन यानी कि MSG में भारतीय समुदाय के लोगों को उनके संबोधन से एक दिन पहले नजर आईं। बता दें कि मोहन भागवत मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत अमेरिका पहुंचे हैं। अपनी इस विदेश यात्रा के दौरान वह अमेरिका के अलावा कनाडा और ब्रिटेन भी जाएंगे।

MSG में करीब 5 हजार लोगों को करेंगे संबोधित

अमेरिका दौरे के दौरान मोहन भागवत शनिवार को न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन में एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 5000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम का नाम ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ यानी ‘सार्वभौमिक एकता उत्सव’ रखा गया है। इसका आयोजन अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग (AHEAD) की ओर से किया जा रहा है। आयोजकों ने इसे एक महत्वपूर्ण ‘रक्षा बंधन समारोह’ बताया है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मुख्य वक्तव्यों के जरिए ‘सार्वभौमिक एकता’ और हिंदू दर्शन के ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ या पूरी दुनिया एक परिवार है के सिद्धांत पर चर्चा होगी।

बिलबोर्ड पर दिखीं मोहन भागवत की तस्वीरें

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम से पहले शुक्रवार शाम टाइम्स स्क्वायर के प्रमुख डिजिटल बिलबोर्ड में से एक पर मोहन भागवत की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। तस्वीरों के साथ ‘Resolve, Harmony and Dialogue’ यानी ‘संकल्प, सद्भाव और संवाद’ शब्द भी लिखे गए थे। मोहन भागवत की तस्वीरें बिलबोर्ड पर दिखाई देने के दौरान भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कई लोगों ने टाइम्स स्क्वायर में तस्वीरें भी खिंचवाईं।

कार्यक्रम को लेकर कुछ संगठनों की आपत्ति

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में मोहन भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के कई नागरिक अधिकार संगठनों ने आलोचना और आपत्ति जताई है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने भी कहा है कि वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में RSS प्रमुख से जुड़े इस प्रस्तावित कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते हैं। हालांकि, ममदानी ने यह भी कहा कि यह एक निजी कार्यक्रम है और इसे रद्द करने का अधिकार या अधिकार क्षेत्र न्यूयॉर्क सिटी प्रशासन के पास शायद नहीं हो।

भारतीय समुदाय से कर चुके हैं मुलाकात

अमेरिका दौरे के दौरान मोहन भागवत ने भारतीय मूल के लोगों, भारतीय-अमेरिकी कारोबारी अधिकारियों और समुदाय के नेताओं के साथ बैठकें और बातचीत की है। RSS प्रमुख ने न्यूयॉर्क के भक्ति सेंटर का भी दौरा किया। इसके अलावा उन्होंने इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्ण कॉन्शसनेस (ISKCON) के संस्थापक और भारतीय आध्यात्मिक गुरु श्रील ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। मोहन भागवत का अमेरिका दौरा RSS के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है। मैडिसन स्क्वायर गार्डन में उनका संबोधन इस दौरे के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है, जिसके बाद उनके कनाडा और ब्रिटेन में भी कार्यक्रम होने हैं। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: Gen Z प्रदर्शन और आरक्षण से लेकर बेरोजगारी तक, मोहन भागवत ने सभी मुद्दों पर की बात, पढ़ें टॉप बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश