1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Nancy Pelosi Donald Trump: ताइवान तनाव के बीच भड़के पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, चीन को डराने वाली पेलोसी को बताया 'पागल', कहा- हमेशा खड़ी करती हैं मुसीबत

Nancy Pelosi Donald Trump: ताइवान तनाव के बीच भड़के पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, चीन को डराने वाली पेलोसी को बताया 'पागल', कहा- हमेशा खड़ी करती हैं मुसीबत

 Written By: Shilpa
 Published : Aug 03, 2022 05:50 pm IST,  Updated : Aug 03, 2022 06:21 pm IST

ट्रंप ने कहा, 'वह जिस भी चीज को छूती हैं, वह अराजक, मुसीबत और बकवास में तब्दील हो जाती हैं। पागल नैंसी पेलोसी मसले में खुद को शामिल कर केवल घृणा का कारण बनती है। वह खुद एक गड़बड़ हैं।'

Nancy Pelosi-Donald Trump- India TV Hindi
Nancy Pelosi-Donald Trump Image Source : AP

Highlights

  • नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा के खिलाफ थे ट्रंप
  • प्रतिनिधि सभा की स्पीकर पेलोसी पर गुस्सा हुए ट्रंप
  • डोनाल्ड ट्रंप ने स्पीकर नैंसी पेलोसी को पागल बताया

Nancy Pelosi Donald Trump: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मंगलवार को पेलोसी की इस यात्रा को लेकर निशाना साधा और उन्हें पागल तक कह दिया। दरअसल चीन पेलोसी की ताइवान यात्रा के चलते आगबबूला हुआ बैठा है। हालांकि ट्रंप की ही रिपब्लिकन पार्टी के अन्य नेता इस दौरे से खुश हैं और पेलोसी का समर्थन कर रहे हैं। वहीं ट्रंप ने इस दौरे को पागलपन बताया है। इसे लेकर उन्होंने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया है। 

ट्रंप ने लिखा है, 'पागल नैंसी पेलोसी ताइवान में क्या कर रही हैं। वह हमेशा मुश्किलें पैदा करती हैं। वह कुछ भी ठीक से नहीं कर सकती हैं।' ट्रंप इससे पहले भी नैंसी पेलोसी को उनकी ताइवान यात्रा के चलते चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि पेलोसी को चीन और ताइवान की स्थिति में खुद को शामिल नहीं करना चाहिए, क्योंकि वह इसे बदतर ही बनाएंगी। शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने कहा, 'नैंसी पेलोसी परेशानी खड़ी करने और पैसा कमाने के अलावा चीन और ताइवान के मसले में क्यों घुस रही हैं। चीन मामले में गड़बड़ी वो आखिरी चीज है, जिसमें वो शामिल हो रही हैं और वह इसे केवल और बिगाड़ेंगी।' 

नैंसी पेलोसी खुद एक गड़बड़- ट्रंप

ट्रंप ने आगे कहा, 'वह जिस भी चीज को छूती हैं, वह अराजक, मुसीबत और बकवास में तब्दील हो जाती है। पागल नैंसी पेलोसी मसले पर खुद को शामिल कर केवल घृणा का कारण बनती हैं। वह खुद एक गड़बड़ हैं।' डोनाल्ड ट्रंप ने पेलोसी को लेकर कहा है कि उन्होंने उनके खिलाफ दो महाभियोग लाने की कोशिश की थी, वो भी कुछ काम नहीं आया। पेलोसी मंगलवार रात 10.30 बजे ताइवान पहुंची थीं। 25 साल में स्वशासित द्वीप का दौरा करने वाली अमेरिका की सर्वोच्च अधिकारी बन गई हैं। ट्रंप और पेलोसी की कभी एक दूसरे से नहीं बनी है। 

ट्रंप पर दो बार चला था महाभियोग 

ट्रंप अमेरिकी इतिहास में पहले ऐसे राष्ट्रपति है, जिन पर दो बार महाभियोग चलाया गया। रिपब्लिकन पार्टी ने हमेशा पेलोसी का विरोध किया है, लेकिन उसके नेता उनकी यात्रा के समर्थन में खड़े दिखाई दिए हैं। सीनेट के अल्पसंख्यक नेता मिच मैककोनेल ने 25 अन्य सीनेट रिपब्लिकन सांसदों के साथ, पेलोसी की ताइवान यात्रा की प्रशंसा करते हुए एक बयान पर हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि पेलोसी के प्रवक्ता ने अभी तक ट्रंप की टिप्पणियों का जवाब नहीं दिया है।

चीन की धमकियों के बीच पहुंची थीं ताइवान

पेलोसी ने चीन की धमकियों को नजरअंदाज करते हुए ताइवान पहुंचकर वहां की संसद को संबोधित किया है। शोंगशान एयरपोर्ट पर जिस तरह से पेलोसी का स्वागत किया गया, वह चीन को आगबबूला करने वाला है। पेलोसी ने बुधवार को ताइवान की संसद से चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को स्पष्ट संदेश दिया कि अमेरिका ने 43 साल पहले ताइवान के साथ खड़े होने का वादा किया था और वह अब भी उस पर कायम है।

ताइवान में खून सम्मानित की गईं नैंसी पेलोसी

पेलोसी ने संसद को संबोधित करने से पहले ट्वीट किया था। पेलोसी को ताइवान में खूब सम्मानित किया गया है। पेलोसी ने ताइवान को लोकतंत्र भी कहा है। उन्होंने कहा कि ताइवान ने दुनिया को वह उम्मीद, साहस और विश्वास दिया है, जो चुनौतियों के बावजूद शांतिपूर्ण और समृद्ध देश के निर्माण के लिए जरूरी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश