1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान की 8 महिलाओं के लिए मसीहा बने ट्रंप! वार्ता से पहले तेहरान के सामने रख दी एक और शर्त

ईरान की 8 महिलाओं के लिए मसीहा बने ट्रंप! वार्ता से पहले तेहरान के सामने रख दी एक और शर्त

 Published : Apr 21, 2026 08:52 pm IST,  Updated : Apr 21, 2026 09:00 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी नेताओं के साथ होने वाली संभावित सीजफायर वार्ता से पहले नई शर्त जोड़ दी है। ट्रंप ने ईरान की 8 महिलाओं को बचाने के लिए बड़ी पहल की है। चलिए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।

Donald Trump And Iranian Women- India TV Hindi
Donald Trump And Iranian Women Image Source : AP/@WHITEHOUSE (X)

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सीजफायर के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व से उन 8 महिलाओं को रिहा करने की अपील की है, जिन पर कथित तौर पर मौत की सजा का खतरा मंडरा रहा है। राष्ट्रपति ने इस कदम को दोनों देशों के बीच होने वाली आगामी बातचीत के लिए जरूरी आधार बताया है।

8 महिलाओं पर मंडरा रहा फांसी का खतरा

मंगलवार को सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में, राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया एक्टिविस्ट एयाल याकोबी का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि ईरान में 8 महिलाओं पर फांसी दिए जाने का खतरा है। याकोबी की पोस्ट में कहा गया था कि ईरान "8 महिलाओं को फांसी देने की तैयारी कर रहा है।" इसमें उन महिलाओं की तस्वीरें भी शामिल थीं जिन पर मौत की सजा का खतरा मंडरा रहा है।

ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट

ईरानी सरकार को सीधे संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, "ईरानी नेताओं से, जो जल्द ही मेरे प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने वाले हैं, मैं इन महिलाओं की रिहाई की बहुत सराहना करूंगा। मुझे यकीन है कि वो इस बात का सम्मान करेंगे कि आपने ऐसा किया। कृपया उन्हें कोई नुकसान ना पहुंचाएं! यह हमारी बातचीत के लिए एक बेहतरीन शुरुआत होगी!!! इस मामले पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद।"

वार्ता पर बना हुआ है संशय

ट्रंप  की यह अपील ऐसे समय में आई है जब अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत करने की तैयारी कर रहा है। कूटनीतिक माहौल अभी भी अस्थिर बना हुआ है, क्योंकि 8 अप्रैल को तय हुआ 2 हफ्ते का नाज़ुक संघर्ष विराम बुधवार को खत्म होने वाला है। वार्ता में ईरानी अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर विरोधाभासी खबरें सामने आई हैं। एक्सियोस की रिपोर्टों से पता चलता है कि ईरान के सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई ने बातचीत करने वाली टीम को इस्लामाबाद जाने की मंजूरी दे दी है, जो तनाव कम करने की दिशा में एक संभावित बदलाव का संकेत है। इसके विपरीत, ईरान के सरकारी प्रसारक (IRIB) ने साफतौर पर इस बात से इनकार किया है।

ट्रंप ने दी है चेतावनी

राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी भी दी है कि अगर बिना किसी समझौते के संघर्ष विराम समाप्त हो जाता है अमेरिकी सेना आदेश का इंतजार कर रही है। वहीं, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघर ग़ालिबफ ने कहा है कि ईरान धमकी के साये में कोई बातचीत नहीं करेगा। फिलहाल, अब दुनिया की नजर इस बात पर भी टिकी है कि ईरान 8 महिलाओं के साथ क्या करने वाला है। वो भी तब जब ट्रंप ने इन्हें रिहा करने की अपील की है। 

यह भी पढ़ें:

चीन ने अमेरिका द्वारा जब्त किए गए ईरानी मालवाहक जहाज को लेकर तोड़ी चुप्पी, दिया बड़ा बयान

सीजफायर नहीं बढ़ाना चहते ट्रंप, बोले- 'बातचीत ठीक से नहीं हुई तो ईरान पर करेंगे भीषण बमबारी'

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश