1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप ने नॉर्वे के PM को लिखी चिट्ठी, नोबेल पुरस्कार ना मिलने पर जताई नाराजगी; बोले- 'अब शांति की जिम्मेदारी उनकी नहीं'

ट्रंप ने नॉर्वे के PM को लिखी चिट्ठी, नोबेल पुरस्कार ना मिलने पर जताई नाराजगी; बोले- 'अब शांति की जिम्मेदारी उनकी नहीं'

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Jan 19, 2026 12:42 pm IST,  Updated : Jan 19, 2026 01:11 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला जिसे लेकर उन्होंने नॉर्वे के प्रधानमंत्री चिट्ठी लिखी है। ट्रंप ने खत में क्या लिखा है चलिए आपको बताते हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AP

Trump Letter To Norway PM: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री को एक चिट्ठी भेजी है। इस खत में कहा गया है कि अब उन पर पूरी तरह से शांति के बारे में सोचने की कोई जिम्मेदारी नहीं है और वो अमेरिकी हितों को प्राथमिकता देंगे क्योंकि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने नोबेल शांति पुरस्कार सौंपा था। इसके बाद नॉर्वे की नोबेल समिति ने कहा था कि एक बार पुरस्कार की घोषणा होने के बाद इसे ना तो बदला जा सकता है और ना ही किसी और के नाम किया जा सकता है।

ट्रंप बोले- मिल गई आजादी

नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टॉर को संबोधित लेटर नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के कर्मचारियों ने कई दूतावासों को भेजा है। इसमें ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार ना मिलने पर निराशा जताई और कहा कि अब उन्हें अमेरिकी हितों को प्राथमिकता देने की आजादी मिल गई है। ग्रीनलैंड पर डेनमार्क की संप्रभुता पर सवाल उठाते हुए, ट्रंप ने तर्क दिया कि कोपेनहेगन रूस या चीन से इस क्षेत्र की ठीक से रक्षा नहीं कर सकता और डेनिश स्वामित्व के ऐतिहासिक आधार को भी चुनौती दी।

'...तब तक दुनिया सुरक्षित नहीं'

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने NATO की स्थापना के बाद से किसी और की तुलना में इसके लिए ज्यादा काम किया है। उन्होंने जोर दिया कि अब गठबंधन को भी ऐसा ही करना चाहिए। लेटर में कहा गया है, "जब तक ग्रीनलैंड पर हमारा पूरा और कुल नियंत्रण नहीं होगा, दुनिया सुरक्षित नहीं है।"

ट्रंप का टैरिफ वॉर

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब उनकी ओर से घोषित टैरिफ की आलोचना नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टॉर ने की थी। उन्होंने कहा था कि सहयोगियों के बीच धमकियों की कोई जगह नहीं है। नॉर्वे उन 8 यूरोपीय देशों में से है जो टैरिफ से प्रभावित हुए हैं, जिनमें डेनमार्क, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, फिनलैंड, नीदरलैंड और यूनाइटेड किंगडम शामिल हैं। इसके तहत, 1 फरवरी से 10 प्रतिशत टैरिफ लागू होने वाला है, जो 1 जून को बढ़कर 25 प्रतिशत हो जाएगा। ट्रंप ने कहा है कि ये शुल्क तब तक रहेंगे जब तक ग्रीनलैंड की 'पूरी और कुल खरीद' के लिए कोई समझौता नहीं हो जाता।

यह भी पढ़ें:

ग्रीनलैंड को लेकर मचे बवाल के बीच ट्रंप ने रूस को बताया खतरा, बोले- 'डेनमार्क ने कुछ नहीं किया'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को लिखा लेटर, जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश