केंद्रीय चयन पर्षद की तरफ से सिपाही भर्ती का आयोजन किया गया। जारी विज्ञप्ति के मुताबिक सिपाही भर्ती के लिए 4,236 पदों पर चयन हेतु प्रथम चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में कुल 544 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा संपन्न कराई गई। यह परीक्षा दो पाली में आयोजित कराई गई। पहली पाली की परीक्षा 10 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा 15 बजे से 17 बजे तक आयोजित की गई। जानकारी के मुताबिक इस परीक्षा में कुल 11,04,473 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड किए गए हैं, जबकि कुल 5,52,236 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया था। आज की परीक्षा में करीब 5.50 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए।
परीक्षा केन्द्रों पर रही चाक-चौबंद व्यवस्था
सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। जिला पदाधिकारियों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में जिला स्तर पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गईं। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सख्ती से जांच की गई। वहीं परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों का बॉयोमेट्रिक विधि से अंगूठे का निशान, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई। परीक्षा कदाचारमुक्त संपन्न कराने हेतु पर्षद द्वारा CCTV की लाईव स्ट्रीमिंग द्वारा निगरानी की गई। इसके लिए पर्षद मुख्यालय में कमांड एंड कंट्रोल रूम बनाया गया।
परीक्षा केन्द्रों पर लगाए गए जैमर
विभाग की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि सभी परीक्षा केन्द्रों को जैमर से आच्छादित किया गया था। इस दौरान लिखित परीक्षा कदाचारमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। हालांकि अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार कदाचार के आरोप में 10 अभ्यर्थी संलिप्त पाये गये, जिनमें से 07 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 10 अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। जानकारी के मुताबिक भभुआ से 1, नवादा से 1, मुजफ्फरपुर से 1, दरभंगा से 1, पूर्णिया से 2 जबकि अररिया से 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा गया से 1, भभुआ से 2, नवादा से 1, मुजफ्फरपुर से 1, दरभंगा से 1, पूर्णिया से 3 जबकि अररिया से 1 आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
स्टेशनों पर तोड़फोड़
वहीं दूसरी तरफ प्रतियोगी परीक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रेन उपलब्ध न होने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने पटना के बाहरी इलाके में रेलवे यातायात बाधित किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुए उपद्रव के मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पथराव की इस घटना में सुरक्षाकर्मी और रेलवे अधिकारी भी घायल हुए हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रतियोगी परीक्षा से ठीक पहले ऐसी घटना हुई। युवाओं को भी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।"
यह भी पढ़ें-
CM योगी ने हाथों में पकड़ी हॉकी स्टिक, दागे गोल; रवि किशन ने गोरखपुर को बताया स्पेन