मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव मे देर रात शराब कारोबारी के घर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किया गया। इस घटना में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को ग्रिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। उपद्रवियों ने पुलिस टीम को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ ईंट, पत्थर बरसाए। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया। इस घटना में एक महिला सिपाही समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है, जबकि मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पारू थाना पुलिस सोमवार की देर रात दामोदरपुर गांव में शराब कारोबारी अजय राय के घर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू हो गया और देखते ही देखते कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। स्थानीय ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दर्जनों लोगों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मी को संभलने का मौका नहीं मिला। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन के पिछले हिस्से को ईंट, पत्थर से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमले में दारोगा पुलकित कुमार, दारोगा पुष्पा कुमारी, सन्नी कुमार, रामभरोस यादव, मोहम्मद मुमताज, अजय कुमार, विवेक कुमार और पंकज कुमार घायल हो गए। इनमें पुलकित कुमार, पुष्पा कुमारी, सन्नी कुमार और रामभरोस यादव की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हमलावरों ने पुलिस टीम के साथ-साथ सरकारी वाहन को भी निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। वहीं सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल को भी मौके पर भेजा गया।
घटना के बाद पुलिस ने दोबारा छापेमारी अभियान चलाया और भोला राय समेत पांच लोगों को ग्रिफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पारू थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि पारू के दामोदरपुर गांव मे वांछित अभियुक्त अजय राय उर्फ अजय कुमार के घर छापेमारी करने पुलिस पहुची। इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस टीम पर पथराव किया। इसमे पांच पुलिसकर्मी समेत अन्य कर्मी घायल हो गए। वही पुलिस वहां क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। खुशबू कुमारी,शोभा कुमारी,अंकित कुमार ,भोला राम को गिरफ्तार किया गया है। सभी पारू के निवासी है। सभी से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
(रिपोर्ट- संजीव कुमार)