बिहार विधानसभा नजदीक चुनाव आते ही बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। इस पर जेडीयू ने भी अब चिराग पासवान पर पलटवार किया है।
दरअसल, एनडीए के सहयोगी दलों में शामिल चिराग पासवान ने शनिवार को कहा, 'बिहार में अपराध बेकाबू हो गया है। प्रशासन अपराधियों के सामने पूरी तरह नतमस्तक दिख रहा है। मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं।'
चिराग पासवान के इसी बयान पर JDU नेता राजीव रंजन ने पलटवार करते हुए कहा कि राजनेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। किसी की आलोचना करने से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती है।
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने चिराग पासवान के बयान पर कहा, 'अमित शाह जी का भरोसा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी पर है। वही भरोसा आज भी बिहार की जनता का है। मन विचलित हो सकता है, इसका ईलाज नहीं है। लेकिन कानून के राज पर कोई संशय नहीं। जनता निश्चिंत है।'
चिराग पासवान के बयान पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, 'हम एनडीए में हैं। हमें एनडीए की मदद करनी है। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। उन्हें एनडीए को मजबूत करना चाहिए। अगर वह 2020 की नीति नहीं अपनाते हैं, तो यह बहुत अच्छी बात होगी। क्योंकि आज एनडीए समाज और देश के लिए जरूरी हो गया है।'
इसके साथ ही उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार सभी तरह के विकास कर रहे हैं. अगर कोई एनडीए का विरोध करता है, तो मुझे लगता है कि उसके मन में राज्य और देश के लोगों के प्रति अच्छी भावना नहीं है और अगर इसे मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है, तो हम इसकी सराहना करेंगे।'
संपादक की पसंद