बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक व्यक्ति की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वहां मौजूद भीड़ ने आरोपी को भी पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के मुताबिक, पार्किंग के विवाद में वाहन चालक की धारदार चाकू से हत्या कर दी गई।
सत्तू विक्रेता ने की हत्या
घटना सब्जी मंडी की है, जहां स्थानीय लोगों के मुताबिक पिकअप वाहन चालक और एक सत्तू विक्रेता में गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद कहा जा रहा है कि सत्तू विक्रेता ने धारदार चाकू से वाहन चालक की गला काटकर वीभत्स तरीके से हत्या कर दी।
धड़ से अलग हुआ सिर
मृतक के ऊपर इतना तेज वार किया गया कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। बीच चौराहे पर आगजनी की गई। घटना से नाराज लोगों ने आरोपी दुकानदार को भी पीट- पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
नाराज लोगों ने दुकानदार की पीट-पीटकर ली जान
सैकड़ों की संख्या में जुटी भीड़ ने दुकानदार को घेर लिया और उसे पीट-पीटकर मार दिया। वहीं, पुलिस को घटना की जानकारी दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट