पटना: जदयू के बाहुबली विधायक इन दिनों अपने दोनों जुड़वा बेटों अंकित और अभिषेक को घुड़सवारी की ट्रेनिंग दे रहे हैं। दरअसल दो नए घोड़े अनंत सिंह के अस्तबल में शामिल हुए हैं और दोनों नए घोड़े की चाल को परखने के लिए अनंत सिंह ने अपने बेटों को घुड़सवारी करने को कहा। फिर करीब बैठकर घुड़सवारी के टिप्स भी बताने लगे-कब घोड़े को रोकना है, कैसे रोकना है, रफ्तार कैसे बढ़ानी है, घोड़े को काबू में कैसे रखना है। पिता के फरमान पर घर के ठीक सामने की सड़क पर दोनों बेटों ने घुड़सवारी शुरू कर दी।

इसी बीच सीएम सम्राट का काफिला उनके घर के सामने से गुजरने की जानकारी आयी। इसे सुनते ही अनंत सिंह ने घुड़सवारी कर रहे अपने दोनों बेटों को थोड़ी देर के लिए घुड़सवारी रोक देने को कहा। सीएम का काफिला जब वहां से गुजर गया तो अनंत सिंह ने फिर बेटों को आवाज़ लगाई और घोड़े को दौड़ाने को कहा। अनंत सिंह के बेटे भी घुड़सवारी पहले से जानते हैं इसलिए पिता का आदेश मिलते ही थोड़ी ही देर में दोनों के घोड़े ने रफ्तार पकड़ ली और सरपट भागने लगे।

सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब घुड़सवारी के बीच घोड़ा भड़क गया। अनंत सिंह के बेटे ने पहले घोड़े को काबू में करने की कोशिश की और किसी तरह खुद को बचाया। लेकिन घोड़ा नया था, तुरंत बाद घोड़े ने फिर अपना तेवर दिखाया और अनंत सिंह के घुड़सवार बेटे ने किसी तरह खुद को बचाया लेकिन उसे हल्की चोट आयी। बेटे ने कहा -घुड़सवारी में तो ये सब होता ही है।
वायरल वीडियो पर दर्ज हुई एफआईआर
अनंत सिंह हमेशा किसी ना किसी विवाद को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। अभी हाल ही में एक शादी समारोह में शामिल हुए अनंत सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा है। जिसके बाद उनपर एफआईआर भी दर्ज की गई है। जिसके बाद उन्होंने कहा कि, क्या लोग नाच गाना भी नहीं देख सकते?