1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बांका: डीजे को लेकर भिड़े 2 गांव के युवक, सुलह कराने पहुंचे व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला, 20-50 राउंड फायरिंग की

बांका: डीजे को लेकर भिड़े 2 गांव के युवक, सुलह कराने पहुंचे व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला, 20-50 राउंड फायरिंग की

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 16, 2025 05:21 pm IST,  Updated : May 16, 2025 05:21 pm IST

डीजे के कारण हुआ विवाद सुलझाने गए लोगों पर ही हमला हो गया और एक व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो बाइक, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

Banka clash- India TV Hindi
विवाद के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है Image Source : INDIA TV

बिहार के बांका में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। विवाद बढ़ने पर दो गांव के लोगों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। इस घटना में एक व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हुआ है। घटना बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र की है। यहां लोनी गांव में पहले डीजे पर नाच-गाने को लेकर दो गांवों के युवकों के बीच हुआ। सुलह को लेकर बातचीत शुरू हुई, लेकिन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में 45 वर्षीय कार्तिक चौधरी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि झारखंड निवासी कन्हाई राय को गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, लोनी गांव में मिर्जापुर चंगेरी और मुलुक गांव के छह युवक पुराने विवाद को सुलझाने पहुंचे थे। डीजे बजाने को लेकर पहले से तनातनी चल रही थी। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस बीच किसी ने फायरिंग कर दी, जिससे कन्हाई राय घायल हो गया। गोली चलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। 

एक व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या

गुस्साई भीड़ ने सुलह कराने पहुंचे लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें कार्तिक चौधरी और एक अन्य युवक पकड़े गए। दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसमें कार्तिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिर्जापुर चंगेरी पहुंचते ही दर्जनों लोग लोनी गांव पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 20 से 50 राउंड गोलियां चलीं।

एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद

स्थिति बिगड़ते देख बाराहाट, राजौन और पंजवारा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घटनास्थल से दो बाइक, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घायल युवक को भागलपुर के मयागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बौसी इंस्पेक्टर राज रतन के अनुसार, डीजे पर डांस को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। घटना की जांच की जा रही है और गांव में पुलिस कैंप कर रही है। इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है।

(बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।