1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'दशकों के कुप्रबंधन ने बंगाल को कर दिया दिवालिया, उबरने में लगेगा एक साल', सीएम शुभेंदु अधिकारी का बड़ा बयान

'दशकों के कुप्रबंधन ने बंगाल को कर दिया दिवालिया, उबरने में लगेगा एक साल', सीएम शुभेंदु अधिकारी का बड़ा बयान

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 07, 2026 03:49 pm IST,  Updated : Sep 07, 2026 04:14 pm IST

लाभार्थियों को बढ़ी हुई वृद्धावस्था पेंशन देने के बाद सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल को आर्थिक संकट से उबरने के लिए कम से कम एक साल की जरूरत है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के 'वित्तीय कुप्रबंधन' ने पश्चिम बंगाल को 'व्यावहारिक रूप से दिवालिया' कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य को इस वित्तीय संकट से बाहर निकलने में कम से कम एक साल का समय लगेगा। 

बीजेपी सरकार बनने के साथ राज्य केंद्रीय योजनाओं से जुड़ा

बढ़ी हुई वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों को वितरित करने के बाद राज्य सचिवालय 'नबान्न' में शुभेंदु ने पत्रकारों से कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार बनने के साथ ही राज्य सभी केंद्रीय योजनाओं से जुड़ गया है। उन्होंने कहा, 'धन आ रहा है और भविष्य में भी आएगा।' 

पिछली सरकार में राजस्व का नुकसान

वृद्धावस्था पेंशन प्रति लाभार्थी 1,000 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दी गई है। शुभेंदु ने कहा, 'पूर्ववर्ती सरकारों के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण पश्चिम बंगाल की वित्तीय स्थिति अच्छी नहीं है। राजस्व का नुकसान, चोरी और केंद्रीय योजनाओं में शामिल न होने के कारण राज्य व्यावहारिक रूप से दिवालिया हो गया है।' 

वित्तीय संकट से बाहर आने में लगेगा एक साल

उन्होंने कहा, 'हम अब भी खराब स्थिति में हैं और वित्तीय संकट से बाहर आने के लिए हमें कम से कम एक साल लगेगा।' मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के वित्तीय अनुशासन को रेखांकित करते हुए दावा किया कि पिछले वित्त वर्ष की तुलना में इस चालू वित्त वर्ष में राजकोष को लगभग 18 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने कहा, 'यदि हम राजस्व के नुकसान को रोकने में सफल रहते हैं, तो राज्य की आय में और भी वृद्धि होगी।'

बाल विवाह पर सीएम ने दिखाई सख्ती

वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बाल विवाह पर सख्त दिखाई है। सीएम ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के समय पश्चिम बंगाल बाल विवाह के मामले में सबसे ऊपर था। लगभग 60 हज़ार टीनएज प्रेग्नेंट हुई हैं। यह संख्या बहुत ज़्यादा है, पश्चिम बंगाल में इतनी जेलें नहीं हैं।

मुर्शिदाबाद बाल विवाह में सबसे ऊपर

बाल विवाह के आरोपियों और शादी कराने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। बाल विवाह के आरोपी पतियों को नोटिस दिए जाएंगे। मुर्शिदाबाद बाल विवाह में सबसे ऊपर है। पिछले 6 महीनों में 12 हज़ार बाल विवाह हुए हैं। बाल विवाह के आरोपियों को सरकारी सोशल बेनिफिट्स, भत्ते नहीं मिलेंगे।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

दुर्गापुर में मिठाई गोदामों में रेड, खाने के नाम पर बिक रहा था जहर, कई दुकानों पर लगा जुर्माना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।