पश्चिम बंगाल में ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी के तहत दुर्गापुर के प्रसिद्ध गोपाल मठ इलाके में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कई होटलों, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों के गोदामों में छापेमारी की। इस रेड के दौरान जो तस्वीरें सामने आईं, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। मिठाइयों के गोदामों में अरसोला मिला तो दुकानों में ग्राहकों के लिए सड़ा हुआ खाना और बासी मोमोज रखे गए थे। इसके अलावा, कई दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडर रखे हुए मिले।
प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
जानकारी अनुसार स्थानीय लोगों से खाने की क्वालिटी, मिलावट और गंदगी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं और इन्हीं शिकायतों के आधार पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट, दुर्गापुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों ने मिलकर गोपाल मठ इलाके में अचानक से छापेमारी शुरू की। अधिकारियों की इस कार्रवाई को देखकर इलाके के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी में सामने आई ये बड़ी गड़बड़ियां:
- जांच के दौरान पाया गया कि कई बड़ी मिठाई की दुकानों के गोदामों में हाइजीन का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा गया था। खाद्य पदार्थों के आसपास अरसोला और कीड़े रेंगते मिले।
- वहीं कई होटलों और रेस्टोरेंट में हफ्तों पुराना सड़ा हुआ खाना और बासी मोमोज मिले, जिन्हें ग्राहकों को परोसा जाना था।
- व्यापारिक गतिविधियों के लिए कमर्शियल सिलेंडरों की जगह कई दुकानों में अवैध रूप से घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल होते पाया गया।
व्यापारियों पर जुर्माना लगाया और दी अंतिम चेतावनी
नियमों और सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया। छापेमारी के दौरान प्रशासन ने दुकान मालिकों और कर्मचारियों को भोजन के रख-रखाव से लेकर उसकी बिक्री तक सभी नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि दुर्गापुर के अन्य इलाकों में भी आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
(पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से अनिर्बान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
शिक्षक दिवस पर गुरुजी के सिर पर डाल दिया 'Snow Spray', आपा खोकर छात्र को पीटा, वायरल हुआ Video