1. Hindi News
  2. बिहार
  3. अतिक्रमण हटाने के दौरान फल विक्रेता की मौत, बेटा बोला- 'SP की गाड़ी आई थी, भागते हुए गिरे फिर नहीं उठे'

अतिक्रमण हटाने के दौरान फल विक्रेता की मौत, बेटा बोला- 'SP की गाड़ी आई थी, भागते हुए गिरे फिर नहीं उठे'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 08, 2025 04:55 pm IST,  Updated : Mar 08, 2025 04:55 pm IST

ठेला लगाने वाले लोगों का कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और सभी को भगाने लगे। इसी बीच फल विक्रेता नीचे गिर गए और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

protest- India TV Hindi
फल व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन Image Source : INDIA TV

बिहार के भागलपुर में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक फल व्यापारी की मौत हो गई। इसके बाद अन्य फल व्यापारियों ने घंटाघर चौक पर टायर जला कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने स्टेशन चौक से तिलकामांझी जाने वाली मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक की पहचान महेश शाह के रूप में की गई है।

घटना के बाद लोगों ने सड़क पर आग जलाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्रोशित फल व्यापारियों ने टायर और लकड़ी जलाकर विरोध किया। इस दौरान अतिक्रमण का सामान लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से ही सामान निकालकर आग के हवाले करने की कोशिश की गई।

लाठीचार्ज के दौरान हुई मौत

जानकारी के अनुसार, शनिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने फल व्यापारियों पर लाठी चलाना शुरू कर दिया। जान बचाकर भाग रहे फल व्यापारियों में एक भागने के क्रम में गिर गए। इसके बाद वह अचेत हो गए और उनकी मौत हो गई।

जिला प्रशासन पर अवैध वसूली का आरोप

व्यापारियों ने शव को घंटाघर चौक पर रखकर खूब बवाल काटा। हंगामा कर रहे व्यापारियों का कहना है कि हम लोग फुटपाथ पर दुकान लगाकर घर का भरण पोषण करते हैं, लेकिन जिला प्रशासन के टीम लगातार हम लोगों को परेशान करती है। यही नहीं पुलिस प्रशासन कभी फल तो कभी रुपए भी लेकर जाते हैं। आज भी दुकान को हटाने के लिए पुलिस पहुंची थी। हम लोग दुकान हटा रहे थे इसी दौरान पुलिस ने लाठी चलाना शुरू कर दिया।

पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे जहां पर आगजनी शुरू कर दी। इधर, सूचना के बाद दंगा नियंत्रण बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति सामान्य की। काफी देर तक सड़क मार्ग को जाम कर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

(भागलुपर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।