1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार विधानसभा चुनाव 2025: प्रचार का शोर थमा, दूसरे चरण की वोटिंग मंगलवार को, 14 नवंबर को नतीजों का ऐलान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: प्रचार का शोर थमा, दूसरे चरण की वोटिंग मंगलवार को, 14 नवंबर को नतीजों का ऐलान

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 09, 2025 09:04 pm IST,  Updated : Nov 10, 2025 12:00 am IST

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में दूसरे और आखिरी चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। इसके बाद 14 नवंबर को नतीजों का ऐलान होगा। पहले चरण में 121 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है।

bihar Assembly Election- India TV Hindi
बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी (बाएं) और राहुल गांधी (दाएं) Image Source : PTI

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम खत्म हो गया। अब सभी नेता घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे। राज्य में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं और पहले चरण में 6 नवंबर को 212 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। दूसरे चरण में 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान होना है। इसके बाद 14 नवंबर को नतीजों का ऐलान होगा। बिहार में लगभग एक महीने तक सभी पार्टियों के नेताओं ने जमकर प्रचार किया। इस दौरान एक-दूसरे कई तरह के आरोप-प्रत्यारोप लगाए।

पहले चरण का मतदान छह नवम्बर को हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 65 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। प्रचार के अंतिम दिन गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अपने अभियानों को अंतिम रूप दिया।

राहुल गांधी ने 15 जनसभाएं कीं

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज और पूर्णिया जिलों में रैलियां कीं। यह इलाका मुस्लिम आबादी वाला है और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए अहम माना जाता है। गांधी ने कुल 15 जनसभाएं कीं। उन्होंने कुछ माह पहले ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाली थी, जिसमें उन्हें जनसमर्थन मिला, हालांकि ‘वोट चोरी’ के उनके आरोप चुनावी मुद्दा नहीं बन पाए।

अमित शाह ने की 37 रैलियां

गृह मंत्री अमित शाह ने सबसे व्यापक और सघन प्रचार अभियान चलाया। वे कई दिनों से बिहार में ही डेरा डाले हुए थे और और उन्होंने 37 सभाएं की। अमित शाह ने रविवार को सासाराम और अरवल में सभाएं कीं। ये दोनों इलाके भाजपा के लिए अपेक्षाकृत कमजोर माने जाते हैं और इसलिए शाह की विशेष निगाह में रहे। पूर्व भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे औरंगाबाद और कैमूर जिलों में रैलियां कीं। यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सघन प्रचार के लिए भी याद रखा जाएगा। मोदी ने कुल 14 सभाएं और एक रोड शो किया। 

प्रियंका गांधी ने पहली बार बिहार में प्रचार किया

इस बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पहली बार बिहार में प्रचार किया। उन्होंने 10 रैलियां और एक रोड शो किया। खराब मौसम के कारण उन्हें एक सभा रद्द करनी पड़ी जब उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। भाजपा के स्टार प्रचारकों में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और अभिनेता से राजनेता बने रवि किशन व मनोज तिवारी शामिल रहे। 

नीतीश कुमार ने भी जमकर रैलियां कीं

अन्य राज्यों से आए नेताओं में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (शिवसेना) और आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश (तेदेपा) ने भी बिहार में राजग के लिए प्रचार किया। इस बीच मुख्यमंत्री और जद(यू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने अपेक्षाकृत शांत लेकिन दृढ़ प्रचार अभियान चलाया। वे लगातार पांचवें कार्यकाल के लिए सत्ता में वापसी का लक्ष्य लेकर मैदान में हैं। समस्तीपुर में प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करने के बाद नीतीश कुमार मोदी के किसी भी रैली या रोड शो में नजर नहीं आए, जिस पर विपक्ष ने आरोप लगाया कि गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं है। हालांकि, स्वास्थ्य को लेकर कयासों के बावजूद नीतीश कुमार ने अपनी सभाएं और रोड शो जारी रखे। वहीं, उनके पूर्व उपमुख्यमंत्री और अब प्रतिद्वंद्वी तेजस्वी यादव ने ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पूरे जोश के साथ प्रचार किया।

जन सुराज ने अपनाया अलग तरीका

जन सुराज पार्टी ने पूरी तरह अपने संस्थापक प्रशांत किशोर के नेतृत्व में पारंपरिक जनसंपर्क शैली के जरिए प्रचार किया। जन सुराज को इस चुनाव का ‘एक्स फैक्टर’ कहा जा रहा है। पेशेवर चुनाव रणनीतिकार के रूप में कई चर्चित अभियानों का प्रबंधन कर चुके किशोर ने इस बार अपने गृह राज्य में पसीना बहाते हुए ‘घर-घर संपर्क’ को प्राथमिकता दी। (भाषा इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें-

मॉक पोल में निकलीं VVPAT की पर्चियों का असल में क्या होता है? पोलिंग बूथ के अधिकारी ने बताई पूरी प्रक्रिया

EXCLUSIVE: JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा बोले- "सिर्फ JDU नहीं, पूरे NDA के लीडर हैं नीतीश कुमार, वो ही CM बनेंगे"

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।