Bihar Bandh Live Updates: चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट की जांच के विरोध में महागठबंधन आज पूरे राज्य में चक्का जाम कर रहा है। बिहार के अलग-अलग इलाकों में महागठबंधन की पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही रेल रोको अभियान शुरू कर दिया है। अररिया, जहानाबाद, दरभंगा और हाजीपुर समेत कई शहरों में RJD के साथ दूसरी विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने रेल की पटरियों पर खड़े होकर ट्रेनें रोकी हैं। बिहार में महागठबंधन के विरोध प्रदर्शन से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:
वोटर वेरिफिकेशन को लेकर तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि वोटर लिस्ट से दलितों पिछड़ों और अल्पसंख्यों का नाम काटने की तैयारी है। चुनाव आयोग बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है।
राहुल और तेजस्वी के प्रोटेस्ट मार्च को फिलहाल विधानसभा के पास रोक दिया गया है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पटना के इनकम टैक्स गोलंबर से शुरु हुआ था जो वीरचंद पटेल पथ और शहीद स्मारक होते हुए चुनाव आयोग के दफ्तर तक जा रहा था।
'बिहार बंद' विरोध प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में बीजेपी गरीबों के वोट काटकर जीती है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एक करोड़ वोटर बढ़ाए गए, और जहां वोट बढ़े वहां बीजेपी की जीत हुई। कांग्रेस नेता ने कहा कि महाराष्ट्र में सारे नए वोट बीजेपी को मिले। उन्होंने कहा कि बिहार में वोट की चोरी नहीं होने देंगे।
RJD नेता तेजस्वी यादव, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, CPI महासचिव डी राजा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम राज्य विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R) के खिलाफ महागठबंधन द्वारा बुलाए गए 'बिहार बंद' विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और RJD नेता तेजस्वी यादव राज्य विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R) के खिलाफ महागठबंधन द्वारा बुलाए गए 'बिहार बंद' विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'आज पूरा बिहार बंद है, चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुका है। वोटर लिस्ट से गरीब लोगों के नाम हटाने की बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है, पहले ये नाम हटाए जाएंगे, फिर पेंशन, फिर राशन हटाएंगे, इसी को लेकर महागठबंधन के दलों ने बिहार बंद का ऐलान किया है। इसके साथ ही ट्रेड यूनियनों ने भी बंद का ऐलान किया है, हम उनका समर्थन करते हैं। राहुल गांधी भी इसमें उनका साथ देने आ रहे हैं। चुनाव आयोग एक राजनीतिक दल का प्रकोष्ठ बन गया है। चुनाव आयोग खुद कन्फ्यूज है। हम हर मंच पर लड़ेंगे, चाहे वह सड़क हो, सदन हो या न्यायालय।'
विपक्ष द्वारा बिहार बंद पर भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर ने कहा, 'मतदाताओं को गुमराह करने के लिए और आगामी चुनाव में अपनी हार देखते हुए ये लोग बिहार बंद कर रहे हैं। बिहार बंद को जनता का कोई समर्थन नहीं है। कुछ गुंडे सड़क पर हुड़दंग मचा रहे हैं, प्रशासन देख रहा है। उचित कार्रवाई कि जाएगी।'
शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा, 'बिहार में चुनाव होने वाले हैं। भाजपा-जदयू के शासन में जिस तरह से अपराध बढ़े हैं और जिस तरह से कानून व्यवस्था ध्वस्त हुई है, उससे वे डरे हुए हैं। चुनाव आयोग उनकी कठपुतली बनी हुई है। हम चुनाव आयोग से पारदर्शी चुनाव कराने के लिए कह रहे हैं, लेकिन वह तैयार नहीं है। इसी बात का वहां विरोध हो रहा है। चाहे तेजस्वी यादव हों, राहुल गांधी हों या हमारी पार्टी के लोग, सबका यही कहना है। ट्रेड यूनियन भी हड़ताल पर हैं, तो क्या केंद्र सरकार सो रही है? भारत बंद हो या बिहार बंद, इसके लिए भाजपा ही जिम्मेदार है। भाजपा देश को संभाल नहीं पा रही है।'
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, 'दो मुद्दों पर चक्का जाम किया जा रहा है। इसका समर्थन वे लोग कर रहे हैं जिन्हें लगता है कि उनका वोट का अधिकार छीन लिया जाएगा। जब भी देश पर संकट आया है, राहुल गांधी ने सड़कों पर संघर्ष किया है। आज वोट बंदी लगने की कगार पर है, हम इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं और राहुल गांधी इसके लिए आ रहे हैं।' मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बयान पर उन्होंने कहा, 'दिल्ली में रहकर फैसला लेने और जमीन पर रहकर फैसला लेने में फर्क होता है। अगर आपको ऐसा करना ही था तो लोकसभा चुनाव से पहले करते।'
पप्पू यादव के समर्थकों ने एक पेसेंजर ट्रेन रोकी और कुछ देर तक ट्रेन के सामने ट्रैक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने जबरन कार्यकर्ताओं को हटाया और ट्रेन को रवाना किया। पप्पू यादव अपने समर्थकों के साथ वापस लौटे। (रिपोर्ट: नीतीश चंद्रा)
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव 'बिहार बंद' के तहत प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। उन्होंने कहा, 'हम चुनाव आयोग को नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने देश के गरीब लोगों की जिंदगी बर्बाद की है।'
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में पटना के सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ गठबंधन द्वारा बुलाए गए 'बिहार बंद' के समर्थन में महागठबंधन के नेताओं ने टायर जलाए और सड़कें जाम कीं। वीडियो पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के मनेर विधानसभा क्षेत्र से है।
पटना के सचिवालय हाल्ट पर काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। सुबह 08:30 बजे पप्पू यादव के कुछ समर्थक कांग्रेस का झंडा लेकर सचिवालय हाल्ट पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। सांसद पप्पू यादव की तरफ से सचिवालय हाल्ट पर 8 बजे ट्रेन रोकने की जानकारी दी गई थी। (रिपोर्ट: नीतीश चंद्रा)
राहुल गांधी और तेजस्वी आज सुबह साढ़े 9 बजे पटना में इनकम टैक्स गोलंबर से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च करेंगे। वहीं पप्पू यादव पूर्णिया में सचिवालय हॉल्ट पर रेल जाम करके विरोध प्रदर्शन करेंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी चुनावी राज्य बिहार में मतदाता सूची संशोधन के विरोध में शामिल होने के लिए पटना रवाना होते हुए।
चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट की जांच के विरोध में महागठबंधन ने आज चक्का जाम और मार्च करने का फैसला किया है। इस मार्च में हिस्सा लेने के लिए राहुल गांधी दिल्ली से पटना पहुंच रहे हैं।
संपादक की पसंद