Highlights
- नीतीश के नए मंत्रिमंडल का आज होगा विस्तार
- 31 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी
- सबसे ज्यादा मंत्री आरजेडी के होने की संभावना
Bihar Cabinet Expansion: बिहार में नीतीश सरकार का आज मंगलवार को कैबिनेट एक्सपेंशन होना है। महागठबंधन की सरकार में फिलहाल नीतीश कुमार ने सीएम और तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। लेकिन आज होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में 31 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। सरकार ने मंत्रियों के नामों की लिस्ट राजभवन को सौंप दी है। नए मंत्रियों को आज सुबह 11:30 बजे राजभवन के राजेंद्र मंडपम में शपथ दिलाई जाएगी। विधायकों की संख्या के हिसाब से सबसे ज्यादा मंत्री आरजेडी के होंगे।
Related Stories
31 विधायक होंगे नीतीश कैबिनेट में शामिल
जानकारी है कि आज सुबह 11:30 बजे मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। राजभवन के राजेंद्र मंडपम हॉल में शपथ ग्रहण समारोह होगा। सूत्रों के अनुसार RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। नीतीश के नए मंत्रिमंडल में आज 31 विधायक मंत्री पद की शपथ लेकर शामिल होंगे। बता दें कि फिलहाल नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की और तेजस्वी यादव उप-मुख्यमंत्री पद की पहले ही शपथ ले चुके हैं। विधायकों की संख्या के अनुसार मुख्यमंत्री को छोड़कर बिहार कैबिनेट में अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं।
मंत्री पद के लिए इन विधायकों का नाम आगे
मालूम हो कि बिहार विधानसभा में वाम दलों के कुल 19 विधायक हैं। सूत्रों से मिली जानकारी पर भरोसा करें तो आज भाकपा माले सरकार में शामिल नहीं होंगी, CPI और CPM सरकार में शामिल होंगी। RJD से अवध बिहारी चौधरी स्पीकर हो सकते हैं। नीतीश के नए मंत्रिमंडल में 16 RJD, 11 JDU, 2 कांग्रेस, एक HAM और एक निर्दलील विधायकों को शामिल किया जाएगा।
जेडीयू कोटा के इन विधायकों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्री पद की शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया है-
- विजय चौधरी
- बिजेंद्र यादव
- अशोक चौधरी
- शीला मंडल
- श्रवण कुमार
- संजय झा
- लेशी सिंह
- जमा खान
- जयंत राज
- मदन सहनी
- सुनील कुमार
वहीं RJD से तेजप्रताप यादव, आलोक मेहता, चंद्रशेखर, सर्वजीत, सुधाकर सिंह, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, शाहनवाज, अनीता देवी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
इसके अलावा कांग्रेस को 3 मंत्री पद मिलेंगे, जिनमें से कल 2 विधायक शपथ लेंगे। कल शपथ ग्रहण के लिए कांग्रेस के दो विधायकों फोन आ चुका है। कसबा से कांग्रेस विधायक मो. अफाक आलम और चेनारी से कांग्रेस विधायक मुरारी गौतम कल शपथ लेंगे।
वहीं हम पार्टी से जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय विधायक सुमित सिंह को कल शपथ के लिए सीएम आवास से फोन किया गया है। AIMIM छोड़कर हाल ही में RJD में शामिल हुए तसलीमुद्दीन के बेटे शाहनवाज को भी शपथ के लिए फोन आया है।
कांग्रेस कोटे से 3 मंत्री, पार्टी नेताओं में नारजगी
सोमवार शाम को तेजस्वी यादव और बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की। पहले ये कहा जा रहा था कि 4 विधायकों पर एक मंत्री पद मिलेगा लेकिन अब ऐसा होता नहीं दिख रहा है। इसलिए बिहार कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता नाराज हैं। सोमवार को पटना में कांग्रेस के मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने जमकर हंगामा किया। दरअसल सोमवार दोपहर ये खबर आई कि कांग्रेस को सिर्फ 3 मंत्री पद दिए जाएंगे, इससे कांग्रेस के लोकल लीडर्स भड़क गए। उनका कहना है कि बिहार कांग्रेस के बड़े नेताओं और पार्टी प्रभारी ने सरेंडर कर दिया है। बिहार में कांग्रेस के 19 विधायक हैं और बिहार कांग्रेस के लोकल लीडर्स को लगता है कि 4 विधायकों पर एक मंत्री के हिसाब से कांग्रेस को 5 मंत्री पद मिलने चाहिए।