बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बदमाश अब पॉश इलाके में चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दे रहे हैं। चेन स्नैचिंग के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित आरएमएस कॉलोनी से सामने आया है। जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखने को मिल रहा है कि दो युवक पिस्तौल के दम पर जिम जा रही महिला के गले से चेन छीन रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कल बुधवार की सुबह आरएमएस कॉलोनी निवासी आरोही अपने घर से पैदल जिम जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अपराधी उसके पास पहुंचे और स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार पहले युवती से आगे निकल गए। इसके बाद उन्होंने बाइक रोकी और आरोही के तरफ आए और हेलमेट पहने युवक ने उसके गले से चेन छीन ली। बदमाश के हाथों में बंदूक भी नज़र आ रही।
जांच में जुटी पुलिस
युवती ने चेन स्नैचर को पकड़ लिया लेकिन विरोध करने पर अपराधी ने कमर से पिस्टल निकालकर उसे गोली मारने की धमकी दी। धमकी से घबराकर युवती ने बदमाश को छोड़ दिया, जिसके बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है। मामले की सूचना मिलने के बाद कंकड़बाग थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। हालांकि इस घटना के बाद से लोग कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
आरजेडी नेता के भाई से भी पॉश इलाके में स्नैचिंग
पिछले महीने राष्ट्रीय जनता दल के विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार से बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था। आरजेडी नेता के भाई से लूट की घटना भी पटना के कंकड़बाग इलाके में हुई थी। इस घटना ने इलाके की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए थे।