नालंदा जिले से यातायात नियमों की अनदेखी और जान जोखिम में डालने वाली एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल परिसर में उस समय लोगों की भीड़ जुट गई जब हरनौत से एक मैजिक वाहन पर क्षमता से कई गुना अधिक लोग सवार होकर पहुंचे। हैरानी की बात तो यह है कि जिस वाहन में महज 9 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता होती है, उस पर करीब 50 लोग सवार होकर बिहारशरीफ पहुंचे।
क्या है पूरा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैजिक वाहन के अंदर करीब 20 से 25 लोग बैठे थे, जबकि बड़ी संख्या में लोग वाहन की छत पर भी सवार थे। इतनी अधिक संख्या में यात्रियों को लेकर वाहन का सड़क पर चलना न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ भी है। बताया जाता है कि वाहन पर सवार सभी लोग हरनौत नगर पंचायत के सफाई कर्मी हैं। सफाई कर्मियों का कहना है कि उनके एक साथी के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसका इलाज बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में चल रहा है। घायल साथी का हालचाल जानने और उससे मिलने के लिए बड़ी संख्या में सफाई कर्मी एक साथ हरनौत से बिहारशरीफ पहुंचे थे।
मैजिक चालक ने कही ये बात
मैजिक चालक ने भी स्वीकार किया कि उसके वाहन पर करीब 50 लोग सवार होकर आए थे। चालक के अनुसार यह वाहन हरनौत से बिहारशरीफ के गोनावा रोड तक भाड़े पर चलाया जाता है। हालांकि इतनी अधिक संख्या में यात्रियों को लेकर सफर करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रास्ते में वाहन अनियंत्रित हो जाता या कोई दुर्घटना हो जाती, तो दर्जनों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। बावजूद इसके न तो रास्ते में किसी जांच चौकी पर वाहन को रोका गया और न ही ओवरलोडिंग को लेकर कोई कार्रवाई की गई। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर नियमों की अनदेखी की ऐसी तस्वीरें व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
(रिपोर्ट- शिव कुमार)