बिहार की राजनीति पर इस वक्त पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानपरिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ले ली है। माना जा रहा है कि सीएम नीतीश कुमार जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे देंगे और बिहार में जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। इस बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने ये जानकारी दी है कि सीएम नीतीश कब तक अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं।
क्या बोले जीतनराम मांझी?
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने ट्वीट कर के कहा- "नीतीश जी, अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगें। सबको पता है कि आपका यह ख्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें पर आपके इस ख्वाब ने करोड़ों दिलों को रूला दिया है। नीतीश जी बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है पर शायद ये पहला मौका है जब आपको मुख्यमंत्री पद की छोड़ने की बातों सुनकर ही करोड़ों लोगों के आंखों में आंसू भर आएं हैं। भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फैसला आपका अपना फैसला है जिसपर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता पर बिहार आज गमजदा है। हर बिहारी कह रहा है- वी विल मिस यू नीतीश जी, आप महामानव हैं, बिहार आपके बिना अधूरा है।”
शिवराज करेंगे नए सीएम का ऐलान
बिहार का अगला सीएम कौन होगा, इसका ऐलान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे, क्योंकि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया है। शिवराज सिंह चौहान पटना जाने वाले हैं जहां वो बीजेपी विधायक दल की बैठक कराएंगे जिसमें विधायक दल का नेता के नाम का ऐलान किया जाएगा। माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी के नाम पर इस दौरान मुहर लगेगी। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी उसमें सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान होगा। 14 अप्रैल को नीतीश कुमार ने कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई है उसके बाद वो उसी दिन अपने पद से इस्तीफा देंगे और 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू
बिहार की राजधानी पटना में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसके लिए लगातार बैठकों का दौर भी जारी है। सोमवार को पटना के डीएम, एसएसपी और कमिश्नर राज्यपाल के सचिव से मिलने लोक भवन पहुंचे। जानकारी के अनुसार, ये मीटिंग शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी को लेकर हुई है। कल मंगलवार को 11 बजे कैबिनेट की मीटिंग के बाद सूचना भवन में प्रेस ब्रीफिंग भी होगी।
ये भी पढ़ें- बिहार में सियासी हलचल तेज, कल इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश, 15 अप्रैल को नए सीएम का शपथ ग्रहण
बिहार में सियासी हलचल तेज, कल इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश, 15 अप्रैल को नए सीएम का शपथ ग्रहण