बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी-अपनी कमर कस ली है। सत्ता पक्ष-विपक्ष सभी दलों के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस बीच विपक्षी दलों के महागठबंधन की तरफ से कई ग्रामीण इलाकों में माई बहिन योजना में महिलाओं को ₹2500 देने के लिए फॉर्म भरवाये जा रहे हैं। महागठबंधन की तरफ से माई बहिन का फॉर्म भरवाए जाने को लेकर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष को पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
महागठबंधन की तरफ से माई बहिन योजना का फॉर्म भरवाए जाने पर सम्राट चौधरी ने कहा- "पुलिस कार्रवाई करेगी। अभी तक इन लोगों ने कोई घोषणा पत्र जारी नहीं किया, फिर ऐसा कैसे कह रहे हैं।" मंत्री विजय चौधरी ने विपक्ष के इस कदम को फर्जीवाड़ा और ठगी बताया है। तो वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि हम फार्म क्यों नहीं भरवाएंगे।
राष्ट्रीय चिन्ह को नुकसान पहुंचाने पर भी बयान
सम्राट चौधरी ने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय चिन्ह को नुकसान पहुंचाने के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा- "सम्राट अशोक के राष्ट्रीय चिन्ह पर हमला किया गया, अशोक स्तम्भ को अपमानित करने का काम किया गया। महागठबंधन के लोगों ने कहा कि यह मामूली बात है। अशोक स्तम्भ बिहार के लिए गौरव की बात है। ये हमारे बिहार का प्रतीक है, मगध के गौरवशाली इतिहास को यह लोग मजाक बनाए हुए हैं। मैं लालू जी के परिवार से पूछना चाहता हूं कि आप अपनी बातों को हल्के में रखेंगे या इस बिहार के सम्मान के लिए लड़ेंगे। राष्ट्रद्रोह पर कार्रवाई की मांग क्या कांग्रेस राजद और लेफ्ट करेगी। जिस तरह का बयान राजद और कांग्रेस की तरफ से दिया गया, जो लोग भारत की सभ्यता, संस्कृति, राष्ट्रीय प्रतीक के विरोध में है उनके खिलाफ राष्ट्र विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की जाए। उन्हें जेल भेजा जाए।"
लालू यादव पर भी बोले सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी ने इस दौरान लालू यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- "जो व्यक्ति लालू यादव पंजीकृत अपराधी हों, उनके यहां उपराष्ट्रपति का कैंडिडेट जाता हो, जो सुप्रीम कोर्ट के जज रहे हों, वहीं पर लोकतंत्र शर्मसार होता है। बचा क्या, लालू जी से मुलाकात करना ही लोकतंत्र खतरे में हैं।"
ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर ने खोया आपा, JDU के राष्ट्रीय महासचिव की तुलना कुत्ते से की, कहा- "कुत्ते की बातों का जवाब नहीं देते"
नवंबर के बाद बिहार के भ्रष्टाचारी नेता, अधिकारी गिरफ्तार किए जाएंगे...जानें क्यों बोले प्रशांत किशोर