1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: महिला CO के साथ बदमाशों ने की बदसलूकी, मोबाइल छीना और कार पर हमला किया, 3 युवक गिरफ्तार

बिहार: महिला CO के साथ बदमाशों ने की बदसलूकी, मोबाइल छीना और कार पर हमला किया, 3 युवक गिरफ्तार

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 19, 2025 10:17 am IST,  Updated : Jul 19, 2025 10:26 am IST

बिहार के रोहतास में एक महिला सीओ के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने उनका मोबाइल छीना और कार पर हमला भी किया। इस मामले में 3 युवक गिरफ्तार किए गए हैं।

Bihar- India TV Hindi
3 युवक गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

रोहतास: बिहार के रोहतास के सूर्यपुरा की महिला CO के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। 6 बदमाश युवकों ने उनका मोबाइल छीना और उनकी कार पर हमला किया। इस मामले में 3 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। 

क्या है पूरा मामला?

दरिगांव थाना क्षेत्र के कैमूर पहाड़ी पर गुरुवार शाम को लूटपाट की घटना हुई थी। सूर्यपुरा अंचल की महिला अंचलाधिकारी (सीओ) गोल्डी कुमारी के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के समय सीओ अपने मित्र के साथ पहाड़ी की सैर पर गई थीं।

युवकों ने उनसे मोबाइल लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गोल्डी कुमारी ने दरिगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों की पहचान हो गई है। उनका नाम शुभम उर्फ संदीप बिंद, पवन कुमार और जैकी गुप्ता है।

पुलिस ने आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।

महिला अधिकारी से हुई बदसलूकी के बाद उठ रहे सवाल 

रोहतास के सूर्यपुरा की महिला CO के साथ बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद ये सवाल उठने लगा है कि जब बिहार में पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रह सकता है? बिहार में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं सरकार के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं और नीतीश सरकार सवालों के घेरे में आ सकती है। देखना ये होगा कि नीतीश सरकार बिहार में घट रहीं इन घटनाओं पर किस तरह नकेल कसती है। 

बता दें कि बीते कुछ समय से बिहार से लगातार क्राइम की खबरें सामने आई हैं, जिनके बाद सरकार पर सवाल उठना लाजमी है। (इनपुट: रोहतास से रंजन कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।