पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने जेल से बाहर आने के बाद बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने साफ कह दिया है कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा, "मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा।"
Related Stories
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनका बेटा चुनाव लड़ेगा, तो उन्होंने कहा, "वह जनता के बीच जाएगा। अगर वह काम करेगा, तो चुनाव लड़ेगा।"
सोमवार को हुए थे जेल से रिहा
अनंत सिंह सोमवार को जेल से रिहा हुए थे। उन्हें दुलारचंद हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से बेल मिली है। अनंत सिंह को जेल से लेने के लिए भारी संख्या में उनके समर्थक पहुंचे थे और जेल से बाहर आते ही उनका भव्य स्वागत किया गया था।
क्यों हुई थी गिरफ्तारी?
अनंत सिंह को बीते एक नवंबर को दुलारचंद हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। ये हत्याकांड बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुआ था। हालांकि चुनाव के नतीजों में अनंत सिंह को जीत हासिल हुई थी।
बता दें कि अनंत सिंह मोकामा सीट पर लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं और जब वह एक मामले में 2022 में जेल गए थे तो उनकी पत्नी नीलम देवी यहां से चुनाव जीती थीं।
अनंत सिंह ने पहले भी ये ऐलान किया था कि अगर नीतीश कुमार सीएम नहीं रहेंगे तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। अनंत सिंह को नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है और जब वह जेल में थे तो उनकी पत्नी और बेटे ने नीतीश कुमार से मुलाकात भी की थी। मोकामा के लोग भी इस बात से हैरान हैं कि अब अनंत सिंह चुनावी राजनीति में नहीं दिखेंगे।
बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं इसलिए बिहार के सीएम पद को उन्हें छोड़ना होगा। अब देखने वाली बात ये होगी कि बिहार में सीएम कौन बनता है। बिहार में एनडीए की सरकार है, इसलिए होने वाला सीएम बीजेपी का भी हो सकता है और जेडीयू का भी हो सकता है।