1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: दारोगा को भीड़ ने बंधक बनाया, नशे में धुत होने का आरोप, VIDEO हो रहा वायरल

बिहार: दारोगा को भीड़ ने बंधक बनाया, नशे में धुत होने का आरोप, VIDEO हो रहा वायरल

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 24, 2026 07:41 am IST,  Updated : Mar 24, 2026 07:41 am IST

बिहार के समस्तीपुर में एक दारोगा को भीड़ द्वारा बंधक बना लिया गया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि दारोगा ने नशे में धुत होकर हंगामा किया और लोगों को धमकाया।

Bihar- India TV Hindi
दारोगा को भीड़ द्वारा बंधक बना लिया गया Image Source : REPORTER INPUT

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दारोगा को भीड़ द्वारा बंधक बनाया गया है। लोगों का आरोप है कि दारोगा नशे में धुत थे। इस मामले से जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा है। 

क्या है पूरा मामला?

बिहार के समस्तीपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां के विभूतिपुर थाना में तैनात एक दारोगा को भीड़ ने बंधक बना लिया। लोगों का आरोप है कि दारोगा एक मिठाई की दुकान पर पहुंचकर हंगामा कर रहे थे और नशे में धुत थे। इसके अलावा आरोप ये भी है कि दारोगा ने लोगों को झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी।

इस मामले से जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा है। दारोगा की पहचान रिंकू सिंह के रूप में हुई है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दारोगा कथित तौर पर शराब के नशे में थे और दुकानदार को किसी बात को लेकर धमकाने लगे, इतना ही नहीं, लोगों को झूठे केस में फंसाने की भी खुली चेतावनी दे डाली। दारोगा की हरकतों से नाराज होकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते गुस्साए लोगों ने दारोगा को पकड़ लिया और कुछ देर के लिए उन्हें बंधक भी बना लिया गया। 

सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दारोगा को भीड़ से छुड़ाकर अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि देर शाम आरोपी दारोगा को मेडिकल जांच के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लाया गया, जहां अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।

 
हालांकि इस पूरे मामले ने समस्तीपुर पुलिस की कार्यशैली पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी सीनियर अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि इस पूरे मामले में समस्तीपुर पुलिस कप्तान अरबिन्द प्रताप सिंह के द्वारा आरोपी दारोगा के खिलाफ क्या एक्शन लिया जाता है। (इनपुट: समस्तीपुर से सुनील कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।