1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar News: बिहार में 11 लोगों को मारी गई गोली, घटना के विरोध में BJP ने खोला मोर्चा

Bihar News: बिहार में 11 लोगों को मारी गई गोली, घटना के विरोध में BJP ने खोला मोर्चा

 Published : Sep 14, 2022 10:58 am IST,  Updated : Sep 14, 2022 11:35 am IST

Bihar News: भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद बुलाया है। बुधवार की सुबह से ही बंद का असर भी दिख रहा है। सड़क पर वाहन कम दिख रहे हैं। इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। कई इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है।

BJP protest- India TV Hindi
BJP protest against the incident in Begusarai Image Source : INDIA TV

Highlights

  • एसपी ने 7 पुलिस वालों को किया सस्पेंड
  • 11 लोगों को मारी गई गोली
  • मामले पर BJP ने बुलाया बंद

Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार की शाम बाइक पर सवार दो बदमाशों द्वारा 11 लोगों को गोली मार देने की घटना के बाद अब बिहार की सियासत गर्म हो गई है। इस बीच, भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बीएनडी बुलाया है। बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राज्य में 'जंगलराज' बताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। मामले में बेगूसराय एसपी ने कड़ा एक्शन लिया है। एसपी ने 7 पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया है। 

एक की हुई मौत

बेगूसराय के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक बाइक पर सवार दो लोगों द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में 1 व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 से 11 लोग घायल हो गए। बेगूसराय जाने के क्रम में पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, "दुर्भाग्य है कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। बिहार में जंगलराज की परिभाषा बदल दी गई, अब जनता राज बताया जा रहा।" उन्होंने कहा "मुख्यमंत्री को भय लगता है कि जिस दिन जंगलराज कहूंगा, उस दिन उपमुख्यमंत्री उन्हें सत्ता से हटा देंगे।"

'रोपे पेड़ बबूल का तो आम कहां से होए'

उन्होंने कहा कि जब अपराधी बेखौफ हो जाते हैं तो बेगूसराय जैसी घटना घटती है। 30 किमी तक चार थाने से होते हुए अपराधी रोड से बिना रोक टोक गुजरते हैं, बेखौफ गोलियां चलाते हैं, भय नाम की चीज खत्म हो गई है। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर सामने आकर अपराधियों पर नकेल कसने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा, "महत्वाकांक्षा के लिए आपने जो कदम उठाया तो यह होना ही है, रोपे पेड़ बबूल का तो आम कहां से होए।"

भाजपा ने बुलाया बंद

इस बीच, भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद बुलाया है। बुधवार की सुबह से ही बंद का असर भी दिख रहा है। सड़क पर वाहन कम दिख रहे हैं। इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। कई इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है।

मामले में 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड

इस मामले में 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए। बेगूसराय एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक्शन लिया है। एसपी ने 7 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है।

क्या था पूरा मामला

सीसीटीवी की तस्वीरों में कैद दो बदमाश दिख रहे हैं, इन्होंने बिहार के बेगूसराय शहर में मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे सनसनी फैला दी। NH-28 पर दिखे इन बदमाशों ने एक के बाद एक कई जगहों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। कुल 10 लोगों को इन बदमाशों ने गोली मारी, जिनमें से एक चंदन कुमार नाम के शख्स की मौत हो गई। एक के बाद एक घायल लोग बेगूसराय जिले के सिविल और निजी अस्पतालों में भेजे गए। पूरे शहर में अफरातफरी का माहौल था। इस घटना से पुलिस के भी हाथ-पैर फूल गए। फुलवरिया बछवाड़ा, तेघडा और चकिया थाना इलाकों में फायरिंग की एक के बाद एक खबर आती रही।

CCTV Footege
Image Source : SCREENGRAPCCTV Footege

बेगूसराय समेत 6 जिलों में नाकेबंदी

इस वारदात के बाद पुलिस ने पूरे शहर को सील कर दिया। एसपी से लेकर आईजी तक सड़कों पर दिख रहे। पास के जिलों को भी अलर्ट किया गया। कई जगहों पर नाकेबंदी की गई। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापे भी मारे, लेकिन बाइक सवार इन बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। पटना, समस्तीपुर, खगडिया, नालंदा, लखीसराय जिलों में नाकेबंदी की गई है। चंदन कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने बरौनी थाना के पास मोती चौक पर जाम कर दिया। सूचना पर एसपी योगेंद्र कुमार खुद मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि दहशत फैलाने के लिए इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया है।

फिलहाल अभी बिहार पुलिस की 3 टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही हैं। एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि इस घटना में पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, शुरुआती जांच में दहशत फैलाने के लिए बात सामने आ रही है, 10 लोगों को गोली लगी थी, जिसमें से एक चंदन कुमार की मौत हो गई है जबकि 9 लोगों का इलाज चल रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।