नीट पेपर लीक पर जहां दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हो रहा है वहीं बिहार में भी छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कल से ही जमकर बवाल हो रहा है। ऐसे में बिहार में छात्रों का आंदोलन और कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने एक कड़ा फैसला लिया है। अगले आदेश तक राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश जारी किया है। हालांकि विशेष परिस्थितियों में आवश्यक अवकाश की अनुमति दी जा सकेगी। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय के विधि-व्यवस्था प्रभाग ने 23 जुलाई 2026 को आदेश जारी किया है।
24 जुलाई से नियम होगा लागू
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, राज्य में किसी भी प्रकार की अराजकता न फैले इसलिए 24 जुलाई 2026 से अगले आदेश तक बिहार पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मियों के हर तरह की अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। यह फैसला इस उद्देश्य से लिया गया है ताकि राज्य में विधि-व्यवस्था बनी रहे। जारी निर्देश में कहा गया है कि विशेष कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ज़्यादा पुलिस बल की उपलब्धता होना बेहद आवश्यक है।
डीजीपी की मंजूरी के बाद जारी हुआ यह आदेश
बता दें, यह फैसला पुलिस महानिदेशक की मंजूरी के बाद लिया गया है। जारी पत्र में कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारी इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस निर्णय को पुलिस महानिदेशक (DGP), बिहार की स्वीकृति प्राप्त है।
सभी पुलिस अधिकारियों को दिया गया निर्देश
यह आदेश पुलिस मुख्यालय से सभी अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG), सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), पुलिस अधीक्षक (SP), रेलवे पुलिस, विशेष शाखा, आर्थिक अपराध इकाई (EOU), एसटीएफ, प्रशिक्षण केंद्रों तथा अन्य संबंधित इकाइयों को भेजा गया है, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जरूरी होने पर ही दी जाएगी छुट्टी
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी किए गए इस आदेश में यह भी कहा गया है कि विशेष परिस्थितियों में अवकाश दिए जा सकते हैं, लेकिन सामान्य परिस्थितियों में किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। दरअसल, बिहार में NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कई जगह पथराव और लाठीचार्ज हुआ जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
ये भी पढ़ें: