1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में थाना ही बना शराब का ठेका! पुलिसवाले बेच रहे अवैध शराब; स्टॉक में थी 15 लाख की दारू

बिहार में थाना ही बना शराब का ठेका! पुलिसवाले बेच रहे अवैध शराब; स्टॉक में थी 15 लाख की दारू

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Sep 17, 2023 07:42 pm IST,  Updated : Sep 17, 2023 07:42 pm IST

बिहार के हाजीपुर में पुलिस थाने से शराब की तस्करी करते पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी रंगे हाथ पकड़े गए हैं। ये पुलिस वाले करीब 900 लीटर शराब को पिकअप पर लादकर तस्करों के हाथ बेचने वाली थे कि तभी रंगे हाथ पकड़े गए। इस मामले में कुल 4 पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिन्हें निलंबित करके हिरासत में ले लिया गया है।

bihar liquor - India TV Hindi
बिहार में थाने से हो रही थी शराब की तस्करी Image Source : INDIA TV

नीतीश कुमार की पुलिस शराबबंदी को राज्य में कितना सफल बना रही है उसका अंदाजा आप इस बात से ही लगा सकते हैं कि पुलिस वालों ने अब थाने को ही शराब का ठेका बना दिया है। दरअसल, बिहार में पुलिस थाने से शराब की तस्करी का खुलासा हुआ है। जिले के SP इस थाने के पुलिसकर्मी और पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की है  और थाने में मिली 15 लाख से अधिक की शराब पकड़ी है। ये शराब चुपके से पुलिस थाने से ही बेची जा रही थी। इस मामले में अब थाना अध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित करके उनके खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर ली गई है।

थाना अध्यक्ष से लेकर, संतरी, चौकीदार सभ शामिल

दरअसल ये हैरान करने वाला मामला बिहार के हाजीपुर से सामने आया है। शराबबंदी वाले बिहार में पुलिस थाने से पुलिस वाले ही शराब की तस्करी करते रंगे हाथ पकड़े गए हैं। इस तस्करी में थाना अध्यक्ष से लेकर, संतरी, चौकीदार, सभी मिलकर 900 लीटर विदेशी शराब को शराब तस्कर के हाथों बेचने की फिराक में थे। लेकिन पटना उत्पाद विभाग की टीम ने सभी को रंगे हाथ थाना पहुंचकर धर दबोचा। इस मामले में थाना अध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं और प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

जब्त की गई शराब में से 900 लीटर बेचने का था प्लान
बताया जा है कि हाजीपुर के सराय थाना क्षेत्र में बीते रोज पकड़ी गई 3700 लीटर अवैध शराब को विनशट किया गया था और विनष्टि की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी। लेकिन भ्रष्ट थाना अध्यक्ष और मलखाना प्रभारी रात्रि पहरेदार चौकीदार और एक संतरी ने मिलकर 900 लीटर विदेशी शराब को छिपा कर रख लिया और मात्र 2800 लीटर ही शराब को नष्ट किया। मलखाना शराब की पेटियां पिकअप में लोड कर शराब तस्कर के पास भेजने ही वाला था, लेकिन इसकी खबर पटना उत्पाद विभाग की टीम को लग गई और मौके पर पहुंचकर टीम ने छापेमारी कर दी और सभी आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए। 

सभी आरोपी पुलिस वाले निलंबित
जानकारी मिली है कि थाना अध्यक्ष और सभी आरोपी पुलिसकर्मी लगभग 15 लाख रुपए की शराब की हेरा फेरी करने में लगे हुए थे। थाने से शराब की तस्करी की खबर जब वैशाली एसपी रवि रंजन को लगी तो गुस्से में लाल होकर वैशाली एसपी सराय थाना पहुंचे और थाना अध्यक्ष विदुर कुमार और मलखाना प्रभारी, मुनेश्वर कुमार, एक संतरी सुरेश कुमार और सराय थाना में रात्रि में पहरेदारी करते चौकीदार रामेश्वर राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस मामले में थाना अध्यक्ष और सभी आरोपी पुलिसकर्मियों के ऊपर प्राथमिकी दर्ज कर कर्रवाई की जा रही है। सभी को हिरासत में ले लिया गया है।

2016 से ही बिहार में शराबबंदी लागू
गौरतलब है कि बिहार में 2016 से ही शराबबंदी कानून लागू है और बिहार पुलिस एक बड़ी चुनौती के रूप में बिहार में शराबबंदी कानून लागू करने में लगी हुई है। लेकिन इसके बावजूद भी बिहार में शराब का अवैध कारोबार होता रहता है। लेकिन हद तो तब हो गई जब बिहार के पुलिस थाने से ही शराब की तस्करी होने लगी। जिस पुलिस को शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है, वही बिहार पुलिस अब शराब तस्करों का सरदार बन चुकी है। 

(रिपोर्ट- राजा बाबू)

ये भी पढें-

पैसों के गड्डी के साथ कांग्रेस विधायक का VIDEO वायरल, बोले-  मैं गरीब बेटा, मेरी गरीबी की छवि खराब ना करें

पत्नी की विदाई कराने पहुंचा था दामाद, ससुराल वालों ने पहले दिन खूब की खातिरदारी, दूसरे दिन बांधकर पीटा और फेंक दिया
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।