1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: राबड़ी देवी के नए सरकारी बंगले के अंदर है एक पुरानी मजार, अब तक किसी ने नहीं की हटाने की कोशिश

बिहार: राबड़ी देवी के नए सरकारी बंगले के अंदर है एक पुरानी मजार, अब तक किसी ने नहीं की हटाने की कोशिश

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 22, 2026 09:14 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 09:14 pm IST

राबड़ी देवी के नए सरकारी बंगले के अंदर एक पुरानी मजार होने की जानकारी मिली है। ये मजार पुरानी है और इससे पहले बंगले में जो भी मंत्री रहे, उन्होंने भी इसे नहीं हटाया।

Rabri Devi- India TV Hindi
राबड़ी देवी Image Source : ANI/FILE

पटना: बिहार विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी जल्द ही 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास छोड़कर 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी बंगले में शिफ्ट होंगी। इस बंगले के बारे में ये जानकारी भी सामने आई है कि बंगले के अंदर ही एक मजार है। ये मजार काफी पुरानी है और आज भी अपनी जगह पर कायम है। इससे पहले जो भी मंत्री भी इस बंगले में रहे, किसी ने इस मजार को हटाने की कोशिश नहीं की।

बंगले में जोर-शोर से चल रहा काम

बंगले को अंतिम रूप दिया जा रहा है और मरम्मत की जा रही है। 50 से अधिक मजदूर दिन-रात जुटे हुए हैं। बंगले में कुल 8 कमरे हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के लिए ग्राउंड फ्लोर पर एक विशेष कमरा तैयार किया जा रहा है, ताकि उन्हें सीढ़ियां चढ़ने की जरूरत न पड़े। कुछ दिन पहले राबड़ी देवी ने लालू यादव के स्वास्थ्य को देखते हुए 10 सर्कुलर रोड की तरह ही यहां भी लालू जी के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की थी।

हरियाली के बेहतर इंतजाम

आवास परिसर में हरियाली का बेहतर इंतजाम है। अलग-अलग प्रजातियों के फूल-पौधे भी लगाए गए हैं। बड़ा गार्डन होने के चलते राबड़ी देवी के लिए मॉर्निंग वॉक करना आसान होगा। परिसर में पालतू जानवरों के रहने के लिए भी पर्याप्त जगह बनाई गई है।

इस बंगले में पहले भाजपा नेता और पूर्व राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय रह चुके हैं। इसके अलावा शमीम अख्तर, विनोद नारायण झा और चंद्रमोहन राय भी इस बंगले में रह चुके हैं। सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ के बैठने, रहने की अलग व्यवस्था है।

आवास परिसर में जानवरों को रखने के लिए पर्याप्त जगह

आवास का पूरा ढांचा खुला और विशाल है। पीछे के हिस्से में एक बड़ा खाली हिस्सा है। आवास परिसर में जानवरों को रखने के लिए पर्याप्त जगह है। स्टोर रूम, किचन और सर्वेट एरिया भी बनाया गया है। सभी कमरे से अटैच बाथरूम भी हैं। 

मंत्रियों को मिलने वाले आवासों में 39 हार्डिंग रोड बिहार सरकार के मंत्रियों को मिलने वाले सबसे बड़े आवासों में शामिल है। अभी बड़े पैमाने पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। गार्डन से लेकर पूरे भवन तक पेंटिंग और फिनिशिंग का काम जारी है। नए मार्बल लगाए जा रहे हैं और पूरे बंगले को नए लुक में तैयार किया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।