1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: दानापुर में दर्दनाक घटना, इंदिरा आवास के तहत बने मकान की छत गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

बिहार: दानापुर में दर्दनाक घटना, इंदिरा आवास के तहत बने मकान की छत गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Nov 10, 2025 06:47 am IST,  Updated : Nov 10, 2025 07:17 am IST

बिहार के दानापुर में एक दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। इंदिरा आवास के तहत बने मकान की छत गिरने की वजह से ये घटना घटी।

Danapur- India TV Hindi
बिहार के दानापुर में दर्दनाक घटना Image Source : REPORTER INPUT

दानापुर: बिहार के दानापुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां इंदिरा आवास के तहत बने मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई है। घटना अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस की है। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और 3 बच्चे हैं। शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान हो गई है। मृतकों में बबलू खान, उसकी पत्नी रौशन खातून, बेटा मो. चांद, बेटी रूकशार और सबसे छोटी बेटी चांदनी शामिल है। 

कब घटी घटना?

घटना बीती रात की है, जब परिवार खाना खाने के बाद सोने के लिए चला गया था। इसी दौरान हादसा हुआ और छत भरभराकर गिर पड़ी। 

अचानक घटी घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मलबे से परिवार के लोगों को बाहर तो निकाला गया लेकिन वे जीवित नहीं बच सके। 

इंदिरा आवास योजना के तहत बना था मकान 

जिस मकान की छत गिरने से ये हादसा हुआ, वह कई साल पहले इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था। ये मकान काफी जर्जर अवस्था में था और उसकी छत में पहले से दरारें आ गई थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से परिवार इसकी मरम्मत नहीं करवा पाया और पूरे परिवार को इसकी कीमत जान देकर चुकानी पड़ी।

ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे तमाम मकान हैं जो इंदिरा योजना के तहत बने लेकिन अब उनकी हालत काफी खराब है और वह भी गिर सकते हैं। इस वजह से कई जिंदगियां खतरे के साये में जीने के लिए मजबूर हैं। 

स्थानीय लेवल पर पुलिस-प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। (इनपुट: इश्तियाक खान)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।