पटनाः बिहार के कई जिलों में रविवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। तीन मई को प्रदेश के कई जिलों में 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलती हैं। इसके अलावा कुछ जगहों पर बिजली गिरने की संभावना है। पटना में अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। रुक-रुककर बारिश, आंधी-तूफान और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। मौसम खराब होने से लाखों लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। बिहार में अगले तीन दिन तक बारिश रुक-रुककर जारी रह सकती है।
Related Stories
यहां पर चलेगी धूल भरी आंधी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 मई को अररिया, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, वैशाली और पश्चिमी चंपारण ज़िलों में धूल भरी आंधी चलेगी। हवा की स्पीड 50-60 किमी प्रति घंटे हो सकती है। इस दौरान बिजली भी गिर सकती है। इन जगहों पर हल्की बारिश के भी आसार हैं।
इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दरभंगा, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, मुज़फ्फरनगर, सारण और सीवान जिलो में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके साथ ही 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी। मौसम विभाग ने इसके लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। वहीं, पांच मई को अररिया, कटिहार, किशनगंज और सुपौल जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50-60 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
बिहार के कई जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, बगहा, रक्सौल और शिवहर में भारी बारिश दर्ज की गई। पटना, अररिया और किशनगंज के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि कई शहरों में पूरे दिन बादल छाए रहे। इस बारिश के कारण पूरे राज्य के तापमान में काफी गिरावट आई है।
कैमूर में तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां तापमान लगभग 41°C से गिरकर 36.8°C पर आ गया। रोहतास में तापमान में तेजी से गिरावट आई और यह लगभग 9 डिग्री तक गिर गया। राज्य में सबसे कम तापमान जहानाबाद में 31.5°C दर्ज किया गया।