बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने सुल्तानपुर जिले में भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो मासूम बच्चों समेत 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। कहीं पेड़ गिरा, कहीं दीवार ढही तो कहीं बिजली का खंभा मौत बनकर टूट पड़ा। अचानक आई इस आपदा से कई परिवारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
बहन की शादी के लिए 10 दिन पहले ही घर लौटा था महेंद्र
सबसे मार्मिक घटना कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे शिववंश दुबे गांव में हुई। यहां 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी की बिजली का खंभा गिरने से मौत हो गई। महेंद्र अपनी बहन कौशिक की शादी के लिए 10 दिन पहले ही परदेस से घर लौटा था। बुधवार शाम उसे परिवार के साथ बहन का तिलक लेकर अलीगंज बाजार जाना था, लेकिन उससे पहले ही मौत ने उसे निगल लिया। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब घर में चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि 7 मई को बहन की बारात आनी थी।
ईंट गिरने से 8 साल की बच्ची की मौत
बल्दीराय थाना क्षेत्र में भी आंधी कहर बनकर टूटी। कस्बा माफियात में 8 वर्षीय महिमा की ईंट गिरने से मौत हो गई। वह अपने छप्परनुमा घर में थी तभी तेज हवा के बीच दीवार से ईंट गिर पड़ी। महिमा कक्षा तीन की छात्रा थी। इसी थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से 58 वर्षीय रामबरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कच्ची दीवार गिरने से रीता की मौत, पीछे छोड़ गई 3 मासूम
हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे निधई तिवारी मजरे डोभियारा गांव में कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से 35 वर्षीय रीता की मौत हो गई। रीता अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। उनके पति खेती-किसानी कर परिवार चलाते हैं। अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में भी दर्दनाक हादसा हुआ। यहां आठ वर्षीय सुरेमन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज अंबेडकरनगर में चल रहा है। वहीं, बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज दाऊदपुर गांव में घर के पास जामुन का पेड़ गिरने से 40 वर्षीय सुषमा गुप्ता की मौत हो गई।
पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई गावों में रास्ते बाधित
आंधी और बारिश के बाद जिले के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई गांवों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से रास्ते बाधित हो गए। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। हादसों के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है।
(रिपोर्ट- जागृति श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल तक तेज आंधी-तूफान का अलर्ट, 4 राज्यों में भारी बारिश की संभावना
4 साल की शादी, एक पल में खत्म! डंपर ने बाइक सवार सरकारी टीचर और पत्नी को उड़ाया, दोनों की मौत