1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 4 साल की शादी, एक पल में खत्म! डंपर ने बाइक सवार सरकारी टीचर और पत्नी को उड़ाया, दोनों की मौके पर मौत

4 साल की शादी, एक पल में खत्म! डंपर ने बाइक सवार सरकारी टीचर और पत्नी को उड़ाया, दोनों की मौके पर मौत

 Published : Apr 30, 2026 06:42 am IST,  Updated : Apr 30, 2026 06:45 am IST

झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ में तेज रफ्तार डंपर ने एक ही झटके में दो जिंदगियां छीन ली। हादसे में बाइक सवार सरकारी टीचर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों किसी पारिवारिक कार्य के लिए घर से निकले थे और यह हादसा हो गया।

jhunjhunu truck bike accident- India TV Hindi
सरकारी अध्यापक अशोक गुर्जर और उनकी पत्नी पूजा की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक सरकारी शिक्षक और उनकी पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार यह भीषण दुर्घटना सीकर-उदयपुरवाटी रोड पर गोल्याणा और रामपुरा के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दोनों पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सीकर जिले के रेटा गांव निवासी अशोक गुर्जर (32) और उनकी पत्नी पूजा (25) के रूप में हुई है। अशोक गुर्जर सरकारी विद्यालय में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों किसी पारिवारिक कार्य से रेटा से चेच्यावाली ढाणी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते यह हादसा हो गया।

बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोठड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में दोनों के शवों को एसके अस्पताल सीकर की मोर्चरी में रखवाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

bike truck accident
Image Source : REPORTER INPUTडंपर की चपेट में आकर बाइक सवार टीचर और पत्नी की मौत।

लोगों में डंपर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

4 साल पहले हुई थी शादी

परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार अशोक और पूजा की शादी करीब चार साल पहले ही हुई थी और उनका खुशहाल जीवन इस हादसे में एक पल में खत्म हो गया। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

बंगाल में वोट देने के लिए घर लौट रहे कपल का एक्सीडेंट, पत्नी की मौत, पति अस्पताल में जूझ रहा

यूपी: शादी से कुछ घंटे पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।