नई दिल्लीः चक्रवाती तूफान "अर्नब" के असर से देश के कई राज्यों में आज भी भारी बारिश हो सकती है। बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के साथ बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। रात का तापमान ठंडा होने की वजह से ज्यादातर लोग अब एसी और पंखे भी चलाना बंद कर दिए हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) बना है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आंध्र प्रदेश तट की तरफ इसके बढ़ने की संभावना है। इसके असर भी उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है।
यहां पर बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव के कारण 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और पंजाब में में बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी, पूर्वी राजस्थान और हरियाणा में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
30 अक्टूबर से 4 नवंबर के दौरान मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है। सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, रायलसीमा, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। यहां पर 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बंगाल के इन जिलों में आज भारी बारिश के आसार
चक्रवाती तूफान की वजह से शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, जैसे-जैसे यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और गहराने की संभावना है। मौसम विभाग ने चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव के कारण शुक्रवार तक दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने कहा कि शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश होगी।
यूपी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, गिर सकते हैं ओले
मौसम विभाग (आईएमडी) ने चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अगले दो दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश समेत राज्य के पश्चिमी हिस्से में ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है, जिसमें राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के चलने की चेतावनी दी है। हवाओं की गति 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और गाजीपुर उन जिलों में शामिल हैं, जहां भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
शुक्रवार को कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, सुलतानपुर और अमेठी सहित कई जिलों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को पूरे राज्य में अधिकतम तापमान में 5-8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आने का अनुमान जताया है।
उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी नैनीताल समेत राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। केदारनाथ, गंगोत्री, औली समेत अनेक ऊंचाई वाली जगहों पर बर्फबारी दर्ज की गयी, जबकि बदरीनाथ के आसपास की ऊंची पहाड़ियों जैसे नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वतों पर हिमपात होने की सूचना है। बदरीनाथ धाम में भी बर्फ गिरने की संभावना जतायी गयी है। इसके अलावा यमुनोत्री में भी लगातार बारिश जारी है और वहां भी बर्फ पड़ने की संभावना है।
(पीटीआई इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ेंः ‘जल्दी घर छोड़ो…’, भूटान में ग्लेशियर झील फटते ही बंगाल-असम में हड़कंप, देखिए कहां-कहां बाढ़ का खतरा