1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘जल्दी घर छोड़ो…’, भूटान में ग्लेशियर झील फटते ही बंगाल-असम में हड़कंप, देखिए कहां-कहां बाढ़ का खतरा

‘जल्दी घर छोड़ो…’, भूटान में ग्लेशियर झील फटते ही बंगाल-असम में हड़कंप, देखिए कहां-कहां बाढ़ का खतरा

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 30, 2026 06:23 am IST,  Updated : Oct 30, 2026 08:39 am IST

भूटान में एक ग्लेशियर झील फटने से भारत के पश्चिम बंगाल और असम के कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। भूटान की अति-संवेदनशील शिंताफू झील से गुरुवार रात से तेज बहाव के साथ पानी निकल रहा है। इसके चलते बंगाल के अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

Bhutan glacial lake outburst - India TV Hindi
भूटान में ग्लेशियर झील के फटने से बाढ़ का खतरा, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। Image Source : PTI (FILE)/ANI

भूटान के लेमथांग में शितांफू ग्लेशियर झील के फटने की घटना सामने आई है। ग्लेशियर झील फटने से इसका पानी तेजी से मोफू नदी के रास्ते नीचे की ओर बंगाल की संकोश नदी की तरफ बढ़ रहा है जिससे उत्तरी बंगाल के कई जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। भूटान में शिंताफू झील से पानी निकलने की खबर के बाद पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिम बंगाल के मंत्री निशिथ प्रमाणिक और मनोज कुमार ओरांव ने संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। इसके साथ ही इन जिलों में डिजास्टर मैनेजमेंट, NDRF और SDRF की टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है।

असम-बंगाल के गावों में बज रहे सायरन

बताया जा रहा है कि भूटान की अति-संवेदनशील शिंताफू झील से गुरुवार रात से तेज बहाव के साथ पानी निकल रहा है इसके चलते आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में लगातार सायरन बज रहे हैं। इसलिए, उत्तरी बंगाल की संकोश नदी और उससे जुड़ी सभी सहायक नदियों के कैचमेंट एरिया में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे फौरन सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

ग्लेशियर झील के फटने से बाढ़ का खतरा।
Image Source : REPORTER INPUTग्लेशियर झील के फटने से बाढ़ का खतरा।

बता दें कि संकोश नदी भूटान से भारत में प्रवेश करती है और उत्तरी पश्चिम बंगाल व उससे सटे असम के कई इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन का आधार है। नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी होने से नदी किनारे बसी बस्तियों, पशुधन, खेतों और बुनियादी ढांचे के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

BJP सांसद ने वीडियो जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा

दार्जिलिंग से बीजेपी के सांसद राजू बिस्टा ने भी अलर्ट करने वाला एक वीडियो जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दार्जिलिंग की पहाड़ियों, तराई और डुआर्स क्षेत्र के सभी लोगों से सतर्क रहने का अनुरोध किया गया है। पश्चिम बंगाल के वन मंत्री और कुमारग्राम के विधायक मनोज कुमार उरांव ने भी अलीपुरद्वार जिले में संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

भारत ने विशेष एडवाइजरी जारी की

भारत की ओर से जारी विशेष एडवाइजरी में कहा गया है कि पुनात्सांगछू नदी के ऊपरी क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ के कारण पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और असम के असम के धुबरी जिले में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। एडवाइजरी के अनुसार, बाढ़ का पानी घटना के बाद 6-8 घंटे के अंदर भारत-भूटान सीमा तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी।

कहां-कहां बाढ़ का खतरा?

  • पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले और असम के धुबरी जिले में अचानक बढ़ सकता है जलस्तर।
  • दार्जिलिंग की पहाड़ियों, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों सहित उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में अलर्ट जारी।
  • बंगाल के कूचबिहार जिले में तुफानगंज और बक्सीरहाट में NDRF और SDRF की टीमें तैनात।

इससे पहले 26 अगस्त को नेपाल में अचानक से आई बाढ़ ने एक ही झटके में लोगों को बेघर कर दिया था। नेपाल त्रासदी में 1000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 4000 लोग लापता हो गए।

यह भी पढ़ें-

नेपाल में एक बार फिर भयानक बाढ़, सब कुछ बहा ले गई बूढ़ी गंडक नदी की धारा; भयावह VIDEO आया सामने

ग्लेशियर पिघलने से बनी 9 झीलें खतरनाक, मचा सकती हैं नेपाल जैसी बड़ी तबाही, IIT की स्टडी में बड़ा खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।