1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: शादी से कुछ घंटे पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं

यूपी: शादी से कुछ घंटे पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 28, 2026 11:16 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 11:16 pm IST

यूपी के देवरिया में शादी से कुछ घंटे पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है।

Deoria- India TV Hindi
ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत Image Source : REPORTER INPUT

देवरिया: यूपी के देवरिया जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर चौराहे पर हुए दर्दनाक हादसे में एक होने वाली दुल्हन की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में कुछ ही घंटों बाद शहनाइयां गूंजनी थीं और बेटी की बारात का स्वागत होना था, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, गौरकोठी गांव की रहने वाली युवती की आज शादी थी और बारात आने की पूरी तैयारियां चल रही थीं। घर में उत्सव का माहौल था। बताया जा रहा है कि युवती शादी से पहले ब्यूटी पार्लर जा रही थी, तभी बरियारपुर चौराहे के पास सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जिस घर में मेहमानों की आवाजाही और उत्सव की रौनक थी, वहां अब सिर्फ रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस कार्रवाई में जुटी

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।

गौरतलब है कि देश में हर दिन सैकड़ों लोग सड़क हादसे का शिकार होते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यातायात के नियमों का पालन नहीं करना है। फिर चाहें वो पैदल चलने वाले लोग हों या फिर वाहन चालक, दोनों ही यातायात के नियमों की अनदेखी करते हैं, जिसका खामियाजा अन्य लोगों को भुगतना पड़ता है। पुलिस और प्रशासन को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

(रिपोर्ट- देवरिया से विनोद कुमार द्विवेदी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।