बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की 142 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। इसी लोकतंत्र के पर्व में हिस्सा लेने आ रहे एक दंपति के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। वोट देने के लिए कोलकाता से पूर्व बर्धमान जिले के मोंटेश्वर लौट रहे एक दंपति का मंगलवार को एक्सीडेंट हो गया। इस दुर्घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
बाइक से अपने गांव लौट रहे थे पति-पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान में हिस्सा लेने के लिए पति-पत्नी बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। वे मोंटेश्वर के शुधुना गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। रास्ते में घोषपाड़ा इलाके के कुसुमग्राम-मालडांगा रोड पर यह दुर्घटना घटी। इस हादसे में पत्नी शुभरा मंडल की मौत हो गई, जबकि पति सुमित मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पहले मोंटेश्वर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुभरा मंडल को मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में सुमित मंडल का चल रहा इलाज
इसके बाद मृतका के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। वहीं, सुमित मंडल की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। यह दर्दनाक घटना चुनाव के बीच एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
(रिपोर्ट- बिजू मंडल)
यह भी पढ़ें-
शादी से कुछ घंटे पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर ट्रायल रन के दौरान बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत