बिहार की राजधानी पटना में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दीघा थाना क्षेत्र में बाइक सवार एक महिला और पुरुष ने एक व्यक्ति के गले से करीब 7 लाख रुपये की सोने की चेन झपट ली। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
सुबह करीब 8 बजे की है घटना
जानकारी के मुताबिक, घटना कुर्जी मोड़ के पास की है। पीड़ित पंकज कुमार ने बताया कि वह सुबह करीब 7:40 बजे अपने घर से निकले थे और पार्षद के कार्यालय की ओर जा रहे थे। करीब 7:50 बजे कुर्जी मोड़ के पास वह एक ऑटो चालक से बातचीत करने के लिए रुके थे।
पहले रोकी बाइक फिर अचानक से झपटी सोने की चेन
इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे। बाइक चला रहे युवक के पीछे एक युवती बैठी थी। आरोप है कि बाइक सवार दोनों ने मौका देखकर पंकज कुमार के पास बाइक रोकी और पीछे बैठी युवती ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पहुंचा पुलिस के पास
पीड़ित के मुताबिक, झपटी गई सोने की चेन की कीमत करीब 7 लाख रुपये थी। वारदात के बाद पंकज कुमार दीघा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी इंस्पेक्टर से भी बातचीत हुई है और वह घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
चेन स्नैचिंग की यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में बाइक पर सवार युवक और युवती दिखाई दे रहे हैं। पुलिस CCTV फुटेज को खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पहले भी इस जोड़ी ने चेन स्नैचिंग की वारदात को दिया अंजाम
बताया जा रहा है कि इसी बाइक सवार जोड़ी ने एक दिन पहले भी पटना में चेन स्नैचिंग की एक अन्य वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब दोनों घटनाओं के बीच कनेक्शन की भी जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
ये भी पढ़ें:
नीतीश की जदयू में पड़ी दरार? अनंत सिंह की खुली बगावत, जनसुराज कैंडिडेट के नॉमिनेशन में शामिल हुए