1. Hindi News
  2. बिहार
  3. चिराग पासवान ने नीतीश को दी बधाई, कहा- आशा करता हूं सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी

चिराग पासवान ने नीतीश को दी बधाई, कहा- आशा करता हूं सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 16, 2020 05:43 pm IST,  Updated : Nov 16, 2020 07:21 pm IST

लोकजन शक्ति पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद बधाई दी है। चिराग पासवान ने कहा कि आदरणीय नीतीश कुमार जी को फिर से मुख्यमंत्री बनने की बधाई।

चिराग पासवान ने नीतीश को दी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई, कहा- आशा करता हूं सरकार अपना कार्यका- India TV Hindi
चिराग पासवान ने नीतीश को दी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई, कहा- आशा करता हूं सरकार अपना कार्यकाल पुरा करेगी Image Source : PTI

पटना: लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने पर सोमवार को बधाई देते हुए तंज किया कि आशा करता हूं, सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और आप राजग के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। चिराग ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘आदरणीय नीतीश कुमार जी को फिर से मुख्यमंत्री बनने की बधाई। आशा करता हूँ सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और आप एनडीए के ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।’’ 

उन्होंने कहा कि चार लाख बिहारियों द्वारा बनाया गया #बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन डॉक्यूमेंट आप को भेज रहा हूँ ताकी उसमें से भी जो कार्य आप पूरा कर सकें, उसे पूरा कर दें। लोजपा नेता ने कहा, ‘‘एक बार पुनः आपको मुख्यमंत्री बनने की और भारतीय जनता पार्टी को आप को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बधाई।’’ चिराग ने कहा कि बिहार सरकार में सभी नवनियुक्त मंत्रियों को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं। आशा है कि आप सभी बिहार को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे।

गौरतलब है कि बिहार चुनाव से पहले चिराग पासवान की पार्टी लोजपा, राजग से अलग हो गई थी और अकेले चुनाव लड़ा था। लोजपा ने जद (यू) और नीतीश कुमार का विरोध किया था हालांकि भाजपा के प्रति उसका रूख नरम रहा था । वहीं, नीतीश कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। कुमार ने सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ जद (यू) कोटे से पांच मंत्रियों और भाजपा कोटे से सात मंत्रियों ने शपथ ली। ‘हम’ पार्टी से संतोष कुमार सुमन और वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।