1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फतुहा में 3 दिनों से लापता डेकोरेटर कारोबारी का शव नदी से बरामद, जांच में जुटी पुलिस

फतुहा में 3 दिनों से लापता डेकोरेटर कारोबारी का शव नदी से बरामद, जांच में जुटी पुलिस

 Published : Jul 15, 2026 08:59 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 08:59 pm IST

बिहार की राजधानी पटना से 3 दिनों से लापता डेकोरेटर मालिक मनोज कुमार का फतुहा के पुनपुन नदी से संदिग्ध अवस्था में शव पटना पुलिस ने बरामद किया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

फतुहा टेंट कारोबारी- India TV Hindi
फतुहा टेंट कारोबारी Image Source : INDIA TV

बिहार की राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के काजीबाग से तीन दिनों से लापता एक कारोबारी का शव पुलिस ने फतुहा के पुनपुन नदी से बरामद किया है। मृतक की पहचान पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के काजी बाग निवासी आशीर्वाद डेकोरेटर के मालिक मनोज कुमार (50 वर्ष) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने डेड बॉडी को जप्त कर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और जांच में जुट गयी है।

13 जुलाई की सुबह लापता हुए मनोज कुमार

जानकारी के अनुसार, आशीर्वाद डेकोरेटर के मालिक मनोज कुमार बीते सोमवार, 13 जुलाई की सुबह अपनी स्कूटी से किसी काम के लिए घर से निकले थे। उसके बाद से वे वापस नहीं लौटे और उनका मोबाइल भी बंद आने लगा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए स्थानीय थाने आलमगंज में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुनपुन नदी में मिला शव

15 जुलाई 2026 दिन बुधवार की शाम को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फतुहा थाना क्षेत्र के पुनपुन नदी में एक अज्ञात शव तैरता हुआ देखा गया है। वहीं, पूल के पास पिछले तीन दिनों से एक लावारिस स्कूटी (नंबर: BR01EF/0423) खड़ी थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब शव को पुनपुन नदी जलकुंभी से बाहर निकाला गया, तो उसकी पहचान काजी बाग निवासी लापता कारोबारी  मनोज कुमार के रूप में की गई। पुलिस ने मौके से उनकी स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

मामले की पुष्टि करते हुए आलमगंज थाना पुलिस ने बताया कि मृतक मनोज कुमार की पहचान कर ली गई है। मौत के कारणों के संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधिकारियों ने बताया की शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया है। शरीर पर चोट या अन्य संदिग्ध निशान की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगा कि मनोज कुमार की मौत पानी में डूबने से हुई है, यह हत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।

इस घटना ने इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रहे हैं। मनोज कुमार के मोबाइल के कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि गायब होने से पहले वे किसके संपर्क में थे। अभी कुछ दिन पहले ही पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में एक फल व्यापारी को दिनदहाड़े गोली मार दी गयी थी

इनपुट: बिट्टू (पटना)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।