1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शराबबंदी के बावजूद बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कितने की शराब जब्त, कितने लोग गिरफ्तार? सामने आया ये आंकड़ा

शराबबंदी के बावजूद बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कितने की शराब जब्त, कितने लोग गिरफ्तार? सामने आया ये आंकड़ा

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Oct 20, 2025 02:13 pm IST,  Updated : Oct 20, 2025 02:13 pm IST

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, ‘‘छह अक्टूबर को विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद से राज्यभर में नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और अन्य लुभावनी चीजों के रूप में कुल 64.13 करोड़ रुपये मूल्य की जब्त की गई है।’’

Police- India TV Hindi
पुलिस (प्रतिकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI

पटना: बिहार में छह अक्टूबर को विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से राज्य में विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों ने अब तक कुल 64.13 करोड़ रुपये की शराब, नकदी, नशीले पदार्थ और अन्य लुभावनी वस्तुएं जब्त की हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बिहार में प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से जब्त की गई शराब की कीमत 23.41 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है।

एक अधिकारी ने बताया कि छह अक्टूबर से अब तक पुलिस और अन्य संबद्ध एजेंसियों ने 753 लोगों को गिरफ्तार किया है और 13,587 गैर-जमानती वारंट का निष्पादन किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, ‘‘छह अक्टूबर को विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद से राज्यभर में नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और अन्य लुभावनी चीजों के रूप में कुल 64.13 करोड़ रुपये मूल्य की जब्त की गई है।’’ 

धन-बल के दुरुपयोग पर निगरानी

आंकड़ों के मुताबिक, जब्त की गई वस्तुओं में 23.41 करोड़ रुपये की शराब, 14 करोड़ रुपये की लुभावनी चीजें, 16.88 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी दवाएं और 4.19 करोड़ रुपये नकदी शामिल है। निर्वाचन आयोग ने पहले ही विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे चुनावों में धन-बल के दुरुपयोग को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दें। 

एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘‘राज्य पुलिस, आबकारी, आयकर, सीमा शुल्क, राजस्व खुफिया विभाग और प्रवर्तन निदेशालय को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उड़न दस्ते, निगरानी दल और वीडियो निगरानी टीम राज्यभर में 24 घंटे सक्रिय हैं, ताकि मतदाताओं को प्रलोभन देने के किसी भी प्रयास पर नजर रखी जा सके। निरीक्षण या तलाशी के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं।’’ 

बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होगा। वहीं, मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। अधिकारी ने बताया, ‘‘निर्वाचन आयोग ने पहले चरण के लिए 121 सामान्य पर्यवेक्षक और 18 पुलिस पर्यवेक्षक, जबकि दूसरे चरण के लिए 122 सामान्य पर्यवेक्षक और 20 पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।’’ 

पर्यवेक्षकों को दिए ये निर्देश

उन्होंने कहा कि आयोग ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि वे पूरी चुनाव प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी करें और पारदर्शी, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करें। अधिकारी के मुताबिक, पर्यवेक्षकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे मतदान केंद्रों का दौरा करें और मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग की ओर से हाल ही में लागू की गई पहलों का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करें। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 17 अक्टूबर को समाप्त हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण के लिए पर्चा भरने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।