1. Hindi News
  2. बिहार
  3. संपत्ति बेचकर शराब पीता था दामाद, ससुर ने सुपारी किलर से करा दिया मर्डर, दोस्त को भी नहीं छोड़ा

संपत्ति बेचकर शराब पीता था दामाद, ससुर ने सुपारी किलर से करा दिया मर्डर, दोस्त को भी नहीं छोड़ा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 31, 2025 10:19 pm IST,  Updated : Aug 31, 2025 11:15 pm IST

बिहार में भले ही शराबबंदी हो, लेकिन यहां धड़ल्ले से लोगों को शराब मिल रही है। एक ससुर ने अपने शराबी दमाद से परेशान होकर उसकी हत्या तक करवा दी।

Murder Accused- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में हत्या के आरोपी Image Source : REPORTER INPUT

बिहार में शराबबंदी के ढिंढोरे पीटे जाते हैं। पुलिस शराबबंदी का दावा करके अपनी पीठ थपथापती है, लेकिन शराब बंदी वाले बिहार में शराब की खातिर एक ससुर अपने दामाद का कातिल बन गया। सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के कोईली गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराबी दामाद से परेशान ससुर ने ही सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी। मृतक की पहचान दिलीप सिंह के रूप में हुई है, जो शराब पीने का आदी था। 

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि दिलीप के ससुर अकलु महतो ने हत्या से पहले एक लाख की सुपारी दी, जिसमें ₹12,000 की राशि हत्यारों को दे दी गई। हत्या के बाद भी ₹5,000 दिए गए थे। हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया। इतना ही नहीं, दिलीप सिंह के एक दोस्त राजेश पासवान को भी शराब पिलाने के बहाने बुलाकर मौत के घाट उतार दिया गया। दोनों की लाशें बांसवारी में थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पाई गईं। एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। 

दो सप्ताह के अंदर पकड़े गए सभी आरोपी

सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने बताया कि 17 अगस्त को दो शव मिले थे। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे में मृतक के साथ बाइक पर दो लोग जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि मृतक के ससुर ने ही हत्या के लिए सुपारी दी थी। ऐसे में उन्होंने मृतक को शराब पीने के बहाने अपने साथ गाड़ी में बैठाया और कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। उसके साथ ही उसके दोस्त को भी मौत के घाट उतार दिया।

शराब पिलाकर की हत्या

आरोपियों ने सुपारी लेने के बाद हत्या की प्लानिंग की। दिलीप को शराब पीने के बहाने बुलाया गया। उसे शराब पिलाई गई। इस बीच और शराब के लिए दिलीप के दोस्त को भी बुला लिया गया। शुरुआत में उसकी हत्या का प्लान नहीं था, लेकिन वह मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया। दिलीप के ससुर ने पूछताछ में बताया कि शराब की लत के चलते दिलीप अपनी जमीन बेच रहा था। इस वजह से उन्होंने हत्या का प्लान बनाया और इसे अंजाम दिया।

(सीतामढ़ी से सौरभ की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।