1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: बाहुबली अनंत सिंह समेत 9 पर FIR, स्वागत में हथियार लहराने और अश्लील डांस का मामला

VIDEO: बाहुबली अनंत सिंह समेत 9 पर FIR, स्वागत में हथियार लहराने और अश्लील डांस का मामला

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 06, 2026 12:36 pm IST,  Updated : May 06, 2026 12:51 pm IST

सोशल मीडिया पर वायरल हुए हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील नृत्य के वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मीरगंज थाने में FIR दर्ज की गई है।

अनंत सिंह- India TV Hindi
अनंत सिंह Image Source : PTI

बिहार के गोपालगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत में हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील नृत्य का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए मीरगंज थाना में FIR दर्ज कर ली है। 

इस मामले में अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि 2 मई को अनंत सिंह गोपालगंज पहुंचे थे, जहां मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक जनेऊ समारोह के दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया था। लेकिन यह स्वागत अब विवादों में घिर गया है। वायरल वीडियो में समर्थक खुलेआम हथियार लहराते नजर आ रहे थे। साथ ही, बार-बालाओं के साथ अश्लील नृत्य और नोटों की बारिश का दृश्य भी सामने आया था। पूरा माहौल शक्ति प्रदर्शन जैसा दिखाई दे रहा था।

अनंत सिंह समेत इन लोगों पर FIR

वीडियो में यह भी देखा गया कि अनंत सिंह खुद सामने बैठकर कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है, जिनमें गुड्डू रॉय उर्फ अमरेश रॉय, उत्सव रॉय, प्रियांशु कुमार, टिशू रॉय, सौरव कुमार राय उर्फ टीकोरी रॉय, विशाल रॉय, सिनील यादव, गुंजन सिंह, अनंत सिंह, साथ ही अन्य अज्ञात पर मामला दर्ज हुआ है।

पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील कार्यक्रम कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- अयाज अहमद)

ये भी पढ़ें-

नीतीश कुमार के बेटे निशांत के मंत्री बनने की चर्चा तेज, कल ले सकते हैं शपथ

VIDEO: जालंधर में BSF हेडक्वार्टर और अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर धमाका, मचा हड़कंप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।