1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीतीश कुमार के बेटे निशांत के मंत्री बनने की चर्चा तेज, कल ले सकते हैं शपथ

नीतीश कुमार के बेटे निशांत के मंत्री बनने की चर्चा तेज, कल ले सकते हैं शपथ

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Malaika Imam
 Published : May 06, 2026 11:19 am IST,  Updated : May 06, 2026 12:06 pm IST

नीतीश कुमार के बेटे निशांत के भी मंत्री पद की शपथ लेने की चर्चा हो रही है। ऐसी संभावना है कि कल वो मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

निशांत कुमार- India TV Hindi
निशांत कुमार Image Source : PTI

बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से पार्टी के दिग्गज नेता ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी ने मुलाकात की है। पार्टी में नीतीश कुमार के बेटे निशांत को मंत्री बनाए जाने पर भी चर्चा हो रही है। कल निशांत के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।

27 मंत्री लेंगे शपथ

दरअसल, बिहार में कल NDA सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। पटना के गांधी मैदान में 7 मई को दोपहर 12.10 बजे नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम ही पटना पहुंच जाएंगे। गांधी मैदान में 27 मंत्री शपथ लेंगे। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केवल दो डिप्टी सीएम विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने शपथ ली थी। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी और जेडीयू के बीच मंत्री पद का बंटवारा बराबर-बराबर होगा। फिलहाल, 7 मई को बीजेपी से 12, जदयू से 11, एलजेपी (आर) से 2, हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। 6 मत्रियों की सीटें अभी खाली रखी जाएगी। बिहार में विधायकों की संख्या के हिसाब से मुख्यमंत्री समेत कुल 36 मंत्री बन सकते हैं।

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के संभावित चेहरों के अनुसार, जेडीयू कोटे से विजय चौधरी और विजेंद्र यादव के शपथ लेने के बाद पुराने मंत्रियों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और जमा खान की वापसी तय है, जबकि श्वेता गुप्ता, भगवान कुशवाहा, रत्नेश सदा, शीला मण्डल और बुलो मण्डल के रूप में 5 नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। 

जेडीयू की ओर से ये ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ।
Image Source : INDIA TVजेडीयू की ओर से ये ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ।

मंत्री पद के लिए बीजेपी की संभावित सूची 

बीजेपी की ओर से विजय सिन्हा, मंगल पांडे, रामकृपाल यादव, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, रमा निषाद, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, अरुण शंकर प्रसाद, संजय सिंह टाइगर, सुरेंद्र मेहता और नारायण प्रसाद जैसे पुराने नामों के साथ-साथ संजीव चौरसिया, सुनील पिंटू और नीतीश मिश्रा को भी जगह मिल सकती है।

बीजेपी की ओर से ये ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ।
Image Source : INDIA TVबीजेपी की ओर से ये ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ।

अन्य सहयोगी दलों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से संजय पासवान और संजय कुमार सिंह, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा से संतोष सुमन एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश के मंत्री बनने की प्रबल संभावना है।

पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद

बीजेपी की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को बताया कि राज्य में NDA सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार गुरुवार को किया जाएगा। सरावगी ने कहा कि इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार बिहार आ रहे हैं, इसलिए उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। 

सरावगी ने बताया कि इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत गठबंधन के अन्य नेता भी शामिल होंगे। 

इस बीच, प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजधानी पटना के गांधी मैदान में तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जहां शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे गांधी मैदान क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। गांधी मैदान में आम लोगों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।

ये भी पढ़ें-

तमिलनाडु: AIADMK कैंप में विद्रोह, विधायक दल की बैठक टली, ज्यादातर विधायकों ने TVK को सपोर्ट करने की मांग की

कांग्रेस विधायक की पत्नी और बेटे के खिलाफ FIR दर्ज, सरकारी अस्पताल पर लगा दिया था ताला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।