श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंतनाग में पुलिस ने कांग्रेस विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद के परिजनों के खिलाफ सरकारी अस्पताल को कथित रूप से बंद करने के आरोप में FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, अनंतनाग जिले के अचबल थाने में मंगलवार को यह मामला दर्ज किया गया। यह FIR विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद की पत्नी और बेटे के खिलाफ दर्ज की गई है।
Related Stories
MLA के परिवार की है इमारत!
कांग्रेस विधायक की पत्नी और बेटे पर आरोप है कि दोनों ने दमहाल खोशीपोरा क्षेत्र में स्थित एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र को ताला लगाकर बंद कर दिया था। यह स्वास्थ्य केंद्र जिस इमारत में चल रहा था, वह कथित तौर पर विधायक के परिवार की संपत्ति है। वर्ष 2008 में इस भवन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यानी कि PHC स्थापित करने के लिए उपयोग में दिया गया था, ताकि स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
विधायक के परिवार ने क्या कहा?
हालांकि, परिवार की ओर से दावा किया गया है कि इस साल की शुरुआत में विधायक ने अनंतनाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को पत्र लिखकर स्वास्थ्य केंद्र को वहां से ट्रांसफर करने की मांग की थी। उनका कहना है कि यह इमारत जर्जर हालत में है और अब इस्तेमाल के योग्य नहीं रही। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अस्पताल को बंद करने के पीछे असली वजह क्या थी।
कौन हैं पीरजादा मोहम्मद सईद?
पीरजादा मोहम्मद सईद एक अनुभवी नेता हैं और वर्तमान में वर्ष 2024 से अनंतनाग विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह कांग्रेस के सदस्य हैं। इससे पहले भी वह 1987, 2002 और 2008 में विधायक रह चुके हैं और कोकरनाग विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत चुके हैं। इस पूरे मामले ने स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है, क्योंकि मामला सीधे तौर पर एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ा हुआ है, जहां आम लोगों को इलाज की सुविधा मिलती है।